दीपक जोशी की रिपोर्ट;
अल्मोड़ा: वंचित वर्गों की आवाज मुखर करने वाले तथा अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा सतत संघर्षरत रहने वाले जनसेवक के साथ ही राज्य ने एक ऊर्जावान और दूरदर्शी नेता खो दिया है। यह बात आज विधानसभा सल्ट के हरड़ा में प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने स्व0 सुरेन्द्र सिंह जीना की स्मृति में आयोजित एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कही। इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व0 जीना की गणना हमेशा सक्रिय रहने वाले विधायकों में थी। उन्हें गरीबों का मसीहा भी कहा जाता था। वे व्यकित्व के धनी थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व0 जीना इस क्षेत्र के विकास के लिये हमेशा आगे रहने वाले विधायक थे। वे क्षेत्र की जनसमस्याओं को सदन में हमेशा जोर-शोर से रखने वाले नेता थे। उन्होंने अपने विधान सभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, पेयजल, सड़क एवं पर्यटन को बेहतर बनाने के लिये हमेशा प्रयास किया। स्व0 जीना ने क्षेत्र के विकास के लिये हमेशा अग्रिम पंक्ति में खडे़ होकर कार्य किया है। हमने स्व0 जीना के सपनों को साकार करने का बीड़ा उठाया है। इस क्षेत्र का विकास करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि स्व0 जीना क्षेत्र की जनसमस्याओं के लिये हमेशा संवदेनशील रहते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व0 जीना के कार्यकाल में इस क्षेत्र की 1028 शिकायतें प्राप्त हुई थी, जिसमें से 988 शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर उनका निराकरण कर दिया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि मेरे द्वारा पूर्व में सल्ट विधानसभा के लिये 63 घोषणायें की गयी थी, जिनमें 55 घोषणायें पूर्ण हो गयी है। अवशेष रह गयी घोषणाओं को भी जल्द पूर्ण कर दिया जायेगा।


