छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को करारा झटका, पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष ने ज्वाइन की भाजपा

Please Share

नई दिल्लीः पांच राज्यों के चुनाव की तारीखों का एलान पहले ही हो चुका है। चुनाव तारीखों का एलान होते ही राजनीतिक दलों में एक-दूसरे को चुनाव से पूर्व मात देने का खेल भी शुरू हो चुका है। नेताओं को दल-बदल के दांव खेले जा रहे हैं। फिलहाल अब तक का सबसे बड़ा दांव छत्तीसगढ़ में भाजपा ने खेला है। भाजपा ने कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामदयाल उइके को अपने साथ शामिल कर लिया।

छत्तीसगढ़ में चुनावी बिगुल बजते ही कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। राज्य में विधानसभा चुनाव प्रचार शुरू होने से पहले ही कांग्रेस के कद्दावर नेता और कार्यकारी अध्यक्ष रामदयाल उइके ने पार्टी छोड़ दी है और उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया है। रामदयाल उइके वर्तमान में विधायक हैं और राज्य के मतदाताओं में उनकी ठीक-ठाक पैठ मानी जाती है। अब चुनाव से ऐन पहले उनका पार्टी छोड़ना कांग्रेस के लिए बड़ा झटका है।

कांग्रेस छत्तीसगढ़ में सत्तारूढ़ भाजपा को हटाने के लिए जोर-शोर से प्रयास में जुटी है, लेकिन कार्यकारी अध्यक्ष रामदयाल उइके के अलविदा कहने के बाद पार्टी के प्रयासों को भी धक्का लग सकता है। कांग्रेस नेता रामदयाल उइके ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और राज्य के मुख्यमंत्री रमन सिंह की मौजूदगी में पार्टी ज्वाइन की।

दूसरी तरफ, इस मामले में छत्तीसगढ़ पीसीसी चीफ भूपेश बघेल का कहना है कि कल ही रामदयाल उइके से मुलाकात हुई थी। चुनाव का मौसम है आना जाना लगा रहेगा। हमारी सीईसी की बैठक हो गई है। तीन-चार दिन में पहली लिस्ट आ जाएगी। आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ में दो चरणों में 12 और 20 नवंबर को चुनाव होंगे। विधानसभा चुनावों को काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि अगले साल लोकसभा चुनाव होने हैं। छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों के चुनावों को लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like