छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की लहर, कांग्रेस प्रत्याशी अटल बिहारी वाजपेयी की भांजी से रमन सिंह को टक्कर

Please Share

छत्तीसगढ़: एग्जिट पोल छत्तीसगढ़ में कांटे की टक्कर दिखा रहे थे। लेकिन अभी तक आए रुझानों में कांग्रेस की लहर दिखाई दे रही है। कांग्रेस 50 सीटों पर आगे चल रही है।

पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आज घोषित किए जा रहे हैं। शुरुआती रुझान आने शुरू हो गए हैं. छत्तीसगढ़ के रुझानों में कांग्रेस बहुमत की ओर है। कांग्रेस 50 से अधिक सीटों पर आगे चल रही है, जबकि बीजेपी सिर्फ 19 सीटों पर दिख रही है। यानी अगर रुझान नतीजों में तब्दील होते हैं, तो रमन सिंह की 15 साल की सत्ता अब खत्म हो सकती है।

राज्य में ‘चावल वाले बाबा’ के नाम से मशहूर रमन सिंह का चौथी बार मुख्यमंत्री बनने का सपना टूट सकता है। इतना ही नहीं रमन सिंह को अपनी सीट राजनंदगांव में भी कांटे की टक्कर मिल रही है। इस सीट से कांग्रेस की ओर से उम्मीदवार करुणा शुक्ला उन्हें कांटे की टक्कर दे रही हैं। करुणा शुक्ला, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भांजी हैं।

रमन सिंह 2003 से राज्य के मुख्यमंत्री हैं और रुझानों से साफ दिख रहा है कि राज्य में एंटी इन्केंबसी का असर है। सिर्फ रमन सिंह ही नहीं बल्कि उनकी सरकार के कई मंत्री रुझानों में पीछे चल रहे हैं। गौरतलब है कि करुणा शुक्ला के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी प्रचार किया था।

आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ में कुल 90 विधानसभा सीटें हैं। राज्य में अभी कुल 11 लोकसभा और 5 राज्यसभा की सीटें हैं. छत्तीसगढ़ में कुल 27 जिले हैं। राज्य में कुल 51 सीटें सामान्य, 10 सीटें एससी और 29 सीटें एसटी के लिए आरक्षित हैं।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like