वरिष्ठ वकील राम जेठमलानी का निधन, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया शोक

Please Share

नई दिल्ली: भारतीय कानून के इतिहास में जब भी प्रमुख वकीलों का नाम लिया जाएगा तो राम जेठमलानी के बिना यह चर्चा अधूरी रहेगी। सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील राम जेठमलानी का 95 वर्ष की उम्र में रविवार को उनके दिल्ली स्थित आवास पर निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे।

जेठमलानी की गिनती देश के मशहूर आपराधिक मामलों के वकीलों में होती थी। वह राष्ट्रीय जनता दल से वर्तमान में राज्यसभा सांसद थे। उन्हें राजद ने 2016 में राज्यसभा भेजा था। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में कानून मंत्री का पदभार संभाला था। उनके निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति वैंकेया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शोक व्यक्त किया है।

जेठमलानी ने 17 साल में लॉ की पढ़ाई पूरी कर ली थी और 18 साल की उम्र से वकालत शुरू कर दी थी। वकालत के प्रति उनका जो जुनून था वह उन्हें ऊंचाइयों पर ले गया। उन्हें विवादित मुद्दों को हाथ में लेने में मजा आता था। जब देश कुछ और सोच रहा हो उसके खिलाफ जाना जेठमलानी के बस की ही बात थी। उन्होंने कई ऐसे लोगों को फांसी के फंदे से बचा लिया जिन्हें आरोपी माना गया था।

पूर्व प्रधानमंत्रियों के हत्यारों का केस
रामजेठ मलानी ने  पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या में फांसी की सजा पाए सतवंत सिंह और केहर  सिंह का केस लड़ा था। इसके बाद उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या में दोषी वी श्रीहरिहरन उर्फ मुरुगन का केस भी लड़ा।

एलके आडवाणी का हवाला केस
हवाला जैन डायरी केस में फंसे बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी का केस लड़ा और इसमें उन्होंने जीता भी था।

हर्षद मेहता केस
शेयर बाजार में घोटाला कर भारत को चौंका देने वाले हर्षद मेहता का भी राम जेठमलानी ने कोर्ट में बचाव किया था।

लालू प्रसाद यादव का चारा घोटाला
राम जेठमलानी ने चारा घोटाला में दोषी करार दिए लालू प्रसाद यादव का भी केस लड़ा।

जयललिता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला
तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में भी जेठमलानी ने उनकी ओर से कोर्ट में दलीले दीं।

कनीमोई और 2 जी घोटाला
2 जी घोटाला मामले में रिश्वत का आरोप झेल रही कनीमोई का केस भी राम जेठमलानी  ने लड़ा।

बीएस येदियुरप्पा के खिलाफ अवैध खनन का केस
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा पर लगे अवैध खनन घोटाला मामले में भी राम जेठमलानी ने केस लड़ा।

मुंबई के स्मगलर हाजी मस्तान का केस
मुंबई के अंडरवर्ल्ड रहे हाजी मस्तान के खिलाफ लगे तस्करी के कई आरोपों का केस।

अमित शाह के खिलाफ सोहराबुद्दीन एन्काउंटर केस
अमित शाह जब गुजरात में गृहमंत्री थे तब उनके खिलाफ सोहराबुद्दीन फर्जी एन्काउंटर का आरोप लगा था। इस केस में राम जेठमलानी ने अमित शाह का केस लड़ा था।

अफजल गुरु का केस
संसद पर हमले में फांसी की सजा पा चुके अफजल गुरु का केस भी राम जेठमलानी ने लड़ा था जिस पर काफी आलोचना हुई थी। उन्होंने सरकार पर यह भी आरोप लगाया था कि सरकार अफजल गुरु को वकील नहीं मुहैया करा रही है।

रेप के आरोपी आसाराम बापू का केस
रेप के आरोपी आसाराम बापू का केस भी राम जेठमलानी ने लड़ा।

जेसिका लाल मर्डर केस
जेसिका लाल हत्या कांड में उम्रकैद की सजा झेल रहे मनु शर्मा का केस भी राम जेठमलानी ने लड़ा था।

अरुण जेटली का अरविंद केजरीवाल पर मानहानि का केस
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली  ने मानहानि का मुकदमा दायर किया था। अरविंद केजरीवाल की ओर से राम जेठमलानी ने मुकदमा लड़ा। बाद में यह केस विवादों में आ गया और इसके बाद अरविंद केजरीवाल ने अरुण जेटली से माफी मांग ली।

अन्य हाईप्रोफाइल केस 
सहारा-सेबी विवाद में सुब्रत राय का केस, सीपीआई विधायक कृष्णा देसाई मर्डर केस में शिवसेना की ओर से वकील, रामदेव के खिलाफ रामलीला मैदान में पुलिस कार्रवाई केस, मनी लॉन्ड्रिंग में फंसे जगन मोहन रेड्डी का केस, नेवी वार रूम लीक केस, 2 जी घोटाला में फंसे संजय चंद्रा की बेल का केस।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like