Video: देहरादून: जिम ट्रेनर प्रेमी के साथ मिलकर पति को नींद की गोली खिलाकर की हत्या, पुलिस की सूझ-बूझ से दोनों गिरफ्तार

Please Share
देहरादून: दून पुलिस से जानकारी प्राप्त हुई कि की रायपुर पुलिस स्टेशन में दिनांक 28 मई 2021 को अस्पताल के माध्यम से एक डेथ मेमो मृतक पंकज भट्ट पुत्र दिनेश भट्ट निवासी राज राजेश्वरी एनक्लेव, नथुवाला, उम्र 43 वर्ष का प्राप्त हुआ। जिसकी जांच में चौकी प्रभारी बालावाला जगमोहन सिंह राणा अस्पताल पहुंचे एवं अस्पताल में जाकर पंचायत नामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।
उक्त प्रकरण के सम्बंध में दिनांक 29 मई को मृतक की मां पुष्पा भट, पत्नी स्वर्गीय दिनेश चंद्र भट्ट, निवासी राजराजेश्वरी एनक्लेव, रायपुर, जनपद देहरादून की तहरीर पर धारा 302/120b के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद देहरादून द्वारा पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में एवं क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में थाना स्तर पर टीम गठित कर सर्वप्रथम घटनास्थल का निरीक्षण किया गया एवं घटनास्थल पर जाकर मुकदमे की वादिनी पुष्पा भट्ट से पूछताछ की गई। वादिनी पुष्पा भट्ट द्वारा बताया गया कि “उसका बड़ा बेटा पंकज अपनी पत्नी विजयलक्ष्मी एवं 4 वर्ष की बेटी आज्ञा के साथ इसी घर के निचले फ्लोर पर रहता था, एवं छोटा बेटा पारस अपनी पत्नी एवं मां (मेरे साथ) ऊपर वाले फ्लोर पर रहता था। पंकज भट्ट की शादी वर्ष 2006 में हुई थी लेकिन शादी के बाद से ही विजयलक्ष्मी एवं पंकज में आपसी झगड़े होते रहते थे। विजयलक्ष्मी उर्फ विजया का किसी दीपक नाम के लड़के के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था एवं पंकज भट्ट ने अपनी पत्नी के पास दो मोबाइल भी पकड़े थे जिनमें उस लड़के के साथ इसकी कई फोटो थी।”
मृतक की मां पुष्पा ने यह भी बताया कि “उसके बेटे पंकज की पत्नी विजयलक्ष्मी ने ही अपने प्रेमी दीपक के साथ मिलकर इसको कुछ खिलाया है।मृतक की पत्नी विजयलक्ष्मी से उनके घर पर जाकर पूछताछ की गई। प्रथम दृष्टया पूछताछ में उसने आरोपों से इनकार किया एवं घर पर बताया कि घटना के दिन रात को अचानक 1:00 बजे पति को देखा तो वह बेहोश पड़े हुए थे, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। मृतक की पत्नी के बयानों में विरोधाभास नजर आया। पुलिस टीम द्वारा विवेचना करते हुए तुरंत मृतक की पत्नी एवं उसके प्रेमी की कॉल डिटेल रिकॉर्ड मंगवाई गई एवं कॉल डिटेल रिकॉर्ड का अवलोकन किया गया। पुलिस टीम द्वारा 29 मई रात्रि में ही तुरंत पूछताछ के लिए दीपक पुत्र राम चंद्र, निवासी आमवाला तरला, शांति विहार चौक के पास, रायपुर (उम्र करीब 25 वर्ष) को पूछताछ हेतु थाने पर लाया गया जिसके बाद थाने में दीपक से पूछताछ की गई। दीपक से थाना रायपुर पर पुलिस द्वारा गहनता से पूछताछ की गई जिस ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल किया।”
दीपक ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि “उसका एवं विजयलक्ष्मी का वर्ष 2018 से मिलना जुलना है एवं वह जिम ट्रेनर है। जहां 2018 में ही उसकी मुलाकात विजय लक्ष्मी से बॉडी टेंपल जिम में हुई थी। तभी से दोनों की दोस्ती हो गई थी एवं कुछ दिनों पहले ही विजयलक्ष्मी ने दीपक को बताया कि उसके पति को उनके अफेयर के बारे में पता चल गया है। विजयलक्ष्मी दीपक से बार बार मिलना चाहती थी। विजयलक्ष्मी ने दीपक को कहा कि मैं तुम्हारे बिना नहीं रह सकती हूं एवं इस पर विजयलक्ष्मी ने कहा कि तुम मेरे घर आ जाया करो। 26 मई को दीपक का जन्मदिन था। विजयलक्ष्मी ने दीपक से नींद की गोली मंगवाई। दीपक ने अपने दोस्त के माध्यम से नींद की गोली लेकर विजयलक्ष्मी को दी। दीपक अपने दोस्तों के साथ अपने जन्म दिन में बिजी होने के कारण 26 तारीख को विजयलक्ष्मी के घर नहीं जा पाया।27 मई को रात्रि में विजयलक्ष्मी ने योजनानुसार दीपक से बात कर अपने पति को अत्यधिक नींद की गोली खिला दी एवं उसके बाद दीपक उसके घर आया। 1 घंटे साथ रहने के बाद दीपक अपने घर वापस आ गया एवं रात्रि में विजय लक्ष्मी के पति पंकज भट्ट की अत्यधिक नींद की गोली खिलाने के कारण मृत्यु हो गई, जो विजया ने अपने घर वालो से छुपाई थी।
विजयलक्ष्मी एवं दीपक की कॉल डिटेल रिकॉर्ड पुलिस द्वारा खगाली गई, जिसमे घटना की रात दोनों द्वारा 26 कॉल एक दूसरे को की गई थी। काल डिटेल के अनुसार भी दीपक रात्रि 11:00 बजे से 12:30 बजे तक बजे तक विजयलक्ष्मी के घर पर मौजूद था। जिसके बाद दीपक को मुकदमा अपराध संख्या 304 /2021 धारा 302 120 बी.भा.द.वि के तहत गिरफ्तार किया गया।
विजयलक्ष्मी को आज दिनांक 30 मई को पुलिस द्वारा पूछताछ हेतु थाने पर लाया गया। विजयलक्ष्मी उर्फ विजया पत्नी स्वर्गीय पंकज भट्ट, निवासी राजराजेश्वरी एनक्लेव, नथुआवाला, रायपुर (उम्र करीब 35 वर्ष) से थाना रायपुर द्वारा गहनता से पूछताछ की गई, जिसके बाद विजयलक्ष्मी ने पुलिस को बताया कि “साहब मुझसे गलती हो गई है। मेने अपने पति को अधिक नींद की गोलियां दी थी, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। जिस दिन मैंने नींद की गोली दी थी, उस दिन दीपक मेरा प्रेमी मेरे घर पर आया था एवं रात्रि करीब 1 बजे तक मेरे घर पर रहा था। दीपक के घर से चले जाने के बाद ही मेने अपनी सास को उठाया कि पंकज बेहोश पड़ा है। मैं अपने पति पंकज भट्ट से ही छुटकारा चाहती थी, इसीलिए मैंने उसको अधिक नींद की गोली दे दी। मैं दीपक से प्यार करती हूं एवं वर्ष 2018 से दीपक के साथ मेरे संबंध हैं।”
मृतक पंकज भट्ट की पत्नी विजयलक्ष्मी उर्फ विजया को धारा 302 /120 बी IPC के तहत आज दिनांक 30 मई को थाने पर ही गिरफ्तार किया गया। मुकदमा उपरोक्त में विवेचना अभी जारी है।
गठित पुलिस टीम में सरिता डोभाल पुलिस अधीक्षक नगर, नरेंद्र पंत क्षेत्राधिकारी मसूरी, दिलबर सिंह नेगी थानाध्यक्ष रायपुर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक आशीष रावत, उपनिरीक्षक जगमोहन सिंह राणा, उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट, उप निरीक्षक सुमेर, आरक्षी किशन पाल सिंह, आरक्षी महेश उनियाल, आरक्षी सुनील पवार, महिला आरक्षी सिंपल व तकनीकी सहयोग से आरक्षी किरन SOG, आरक्षी आशीष शर्मा SOG शामिल थे।
मृतक पंकज भट्ट की मृत्यु होने के बाद ही थाना रायपुर द्वारा उक्त प्रकरण को गंभीरता से लेकर स्वयं मामले की जांच की गई एवं गोपनीय जानकारियां एकत्र की गई, जिससे मामला प्रकाश में आया एवं मृतक के परिजनों की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत होकर अविलंब विवेचना में साक्ष्य संकलित कर 24 घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like