उत्तराखंड लोक सेवा आयोग पटवारी/लेखपाल परीक्षा 2022 निरस्त, अब इस तारीख क़ो होगी फिरसे परीक्षा

Please Share
Dehradun: उत्तराखण्ड पुलिस विभाग द्वारा उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग को दिनांक 08 जनवरी, 2023 को आयोग द्वारा आयोजित राजस्व उप निरीक्षक (पटवारी / लेखपाल) परीक्षा 2022 के प्रश्न-पत्र के कुछ प्रश्न लीक होने की सूचना प्रदान की गयी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एस०टी०एफ० से वार्ता के दौरान उनके द्वारा अवगत कराया गया है कि आरोपी संजीव प्रकाश चतुर्वेदी, अनुभाग अधिकारी द्वारा अपनी अभिरक्षा में रखे गये लगभग 380 प्रश्नों को अवैध रूप से अन्य आरोपियों को उपलब्ध कराया गया है। प्रश्नगत परीक्षा के प्रश्न पत्र में 100 प्रश्न सम्मिलित थे, जिनमें से कुछ प्रश्न आरोपियों को उपलब्ध कराये गये प्रश्नों में सम्मिलित थे। इससे यह विदित होता है कि सम्पूर्ण प्रश्न-पत्र लीक नहीं हुआ है। पुलिस द्वारा प्रश्नगत प्रकरण में आरोपियों के विरूद्ध संगत धाराओं में एफ0आई0आर0 दर्ज की गयी है। इसी क्रम में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये आयोग के कार्मिक संजीव प्रकाश चतुर्वेदी, अनुभाग अधिकारी, अतिगोपन-3 को आयोग द्वारा तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया है।
प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए आयोग द्वारा दिनांक 08 जनवरी, 2023 को आयोजित राजस्व उप निरीक्षक (पटवारी / लेखपाल) परीक्षा-2022 निरस्त कर दी गयी है। अब उक्त परीक्षा पुनः दिनांक 12 फरवरी, 2023 को आयोजित की जायेगी।
दिनांक 12 फरवरी, 2023 को पूर्व निर्धारित सहायक लेखाकार / लेखा परीक्षक परीक्षा-2022 अब दिनांक 19 फरवरी, 2023 को आयोजित की जायेगी। उक्त के अतिरिक्त अन्य समस्त परीक्षायें एवं साक्षात्कार आयोग द्वारा पूर्व में जारी परीक्षा कैलेण्डर के अनुसार आयोजित की जायेगी।
आयोग का कहना है कि आयोग समस्त परीक्षाओं को उत्कृष्टता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ सम्पादित कराने हेतु पूर्णतः सजग एवं संवेदनशील रहा है और इसके दृष्टिगत आयोग द्वारा माह अगस्त, 2022 में राज्य के पुलिस महानिदेशक को गोपनीय ढंग से सतर्कता एवं स्थानीय अभिसूचना इकाई को आयोग में तैनात किये जाने एवं परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किये जाने हेतु पत्र प्रेषित किया गया था। साथ परीक्षा प्रक्रिया को अभेद्य बनाये जाने के दृष्टिगत अपर पुलिस महानिदेशक (सतर्कता) की उपस्थिति में आयोग के अधिकारियों के साथ बैठक कर सुझाव प्राप्त किये गये थे, जिन्हें आयोग द्वारा लागू किया गया है।
वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि आठ जनवरी को लेखपाल परीक्षा हुई थी। जब पता चला कि इस तरह से पेपर आउट किया गया है तो STF ने जांच की और त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तआर कर लिया है। लोक सेवा आयोग ने भी त्वरित निर्णय लेते हुए परीक्षा को निरस्त कर दिया है, तथा पुनः परीक्षा की तिथि भी घोषित कर दी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह भी कहा है कि जो भी दोषी होगा उनके विरुद्ध अविलंब और कार्यवाही होगी। परीक्षाओं की शुचिता सुनिश्चित की जाएगी। परीक्षाओं को नकल विहीन बनाने के लिए शीघ्र ही हम सख्त कानून लेकर आ रहे हैं।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like