मार्कापुरम (आंध्र प्रदेश), 26 मार्च: (Accident) हैदराबाद की ओर से आ रही एक निजी ट्रैवल्स बस आज सुबह एक भीषण हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के मुताबिक बस की सामने से आ रहे एक टिपर ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद बस में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया।
हादसे में भारी जनहानि
इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक करीब 13 से 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के तुरंत बाद बस के अगले हिस्से में आग लगी, जो देखते ही देखते पूरी बस में फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि टक्कर के कारण ईंधन लीक होने से आग भड़क गई। स्थानीय लोगों की मदद से कई यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे की घोषणा भी की गई है।