उत्तराखंड: बरात घर के बाहर गार्ड समेत पांच लोगों को कार ने रौंद, तीन की मौत

Please Share

हल्द्वानी: रामपुर रोड स्थित रुद्राक्षी बरात घर के बाहर खड़े गार्ड समेत पांच लोगों को एक बेकाबू कार ने रौंद दिया। सभी घायलों को एसटीएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो घायलों में से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। मरने वालों में दो युवक दुल्हन के रिश्तेदार बताए जाते हैं।

हादसे के बाद कार सवार दूसरी कार में बैठकर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार कब्जे में ले ली है और भागे हुए युवकों की तलाश कर रही है। दिल्ली के लाजपत नगर निवासी रितेश की शादी हल्द्वानी की रुचि के साथ तय हुई थी। मंगलवार शाम रितेश की बरात रुद्राक्षी बैंक्वेट हॉल में आई थी। अंदर शादी हो रही थी। इधर विवाह कार्यक्रम में शामिल कुछ लोग बैंक्वेट हॉल के बाहर खड़े थे। इसी बीच, हल्द्वानी की ओर से तेज रफ्तार आई-20 कार संख्या यूके 04 यू 2384 ने इन लोगों को कुचल दिया। लोग कुछ समझ पाते तब तक युवक दूसरी कार में बैठकर भाग निकले। खौफनाक हादसे से सहमे बरातियों ने किसी तरह घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों ने डफरिन लॉज तल्लीताल, नैनीताल के रहने वाले आशीष कुमार (22), बालावाला देहरादून निवासी आदर्श उर्फ अंशुल और बैंक्वेट हॉल के गार्ड धर्मपाल मौर्या तीन नंबर नीलांचल कालोनी हल्द्वानी को मृत घोषित कर दिया। कत्था फैक्ट्री रामपुर रोड निवासी प्रदीप लोशाली और देहरादून बालावाला निवासी अनुज का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना पर चौकी इंचार्ज टीपी नगर सुशील कुमार पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और घटना में प्रयुक्त कार कब्जे में लेकर कार में सवार रहे लोगों की तलाश में जुट गए हैं।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like