EC ने की पांच राज्यों में चुनावों की घोषणा, 11 दिसंबर को आएंगे नतीजे

Please Share

नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान कर दिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत ने शनिवार को दिल्ली में आयोजित पत्रकार वार्ता में पांचों राज्यों में विधान सभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि चुनाव के बाद 11 दिसंबर को मतगणना होगी।

बता दें कि मध्य प्रदेश में कुल 231 सीटों पर चुनाव होगा, जबकि राजस्थान में 200 सीटों पर, छत्तीसगढ़ में 91 सीटों पर, मिजोरम में 40 सीटों पर और तेलंगाना में कुल 119 सीटों पर विधानसभा चुनाव होने हैं। इन पांचों राज्यों में से तीन राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में इस वक्त भाजपा की सरकार है। लिहाजा कांग्रेस के लिए इन राज्यों में चुनाव जीतना किसी चुनौती से कम नहीं होगी।

छत्तीसगढ़ में दो चरण में चुनाव होगा। सबसे पहले नक्सली प्रभावित इलाके में 12 नवंबर को वोटिंग होगी। उसके बाद बाकी बचे हुए इलाके में 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। मध्यप्रदेश और मिजोरम में एक साथ चुनाव होने हैं। वहां पर 28 नवंबर को मतदाता वोटिंग मशीन पर बटन दबाएंगे। सबसे आखिर में राजस्थान और तेलंगाना में एक साथ मतदान होगा, यहां 7 दिसंबर को वोटिंग होनी है। सभी राज्यों के चुनावों के रिजल्ट 11 दिसंबर को आएंगे।

बता दें कि मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में जनवरी में कार्यकाल खत्म हो रहा है। वहीं मिजोरम में 15 दिसंबर को कार्यकाल समाप्त होगा। चुनाव आयोग ने कहा कि 15 दिसंबर तक चुनावी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। चुनाव के लिए वीवीपैट मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा, जबकि हर बूथ पर सुरक्षाबलों की तैनाती होगी। वहीं पांचों राज्यों में आचार संहिता लागू कर दी गई है।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like