उत्तराखंड: 27 लाख की 465 पेटी शराब पकड़ी, पंचायत चुनावों में पहाड़ी क्षेत्रों के लिए हो रही थी तस्करी

Please Share

देहरादून: थाना रायवाला के अंतर्गत पुलिस ने करीब 27 लाख कीमत की 465 पेटी अंग्रेजी शराब की तस्करी करते 02 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक ट्रक भी सीज कर दिया। इन दिनों आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में वोटरों को लुभाने के लिये अवैध रूप से तस्करी कर लायी जाने वाली शराब की धरपकड़ के लिए पुलिस द्वारा प्रतिदिन छापेमारी व सघन अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में शुक्रवार को थाना रायवाला पर चार पुलिस टीम गठित कर सघन चैकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि देहरादून की तरफ से एक ट्रक में भारी मात्रा में शराब तस्करी कर लायी जा रही है, जो सम्भवतः कोटद्वार के रास्ते पहाड़ सप्लाई होनी है। इस सूचना पर पुलिस द्वारा थाना रायवाला से आगे बैरियर लगाकर सघन चैकिंग की जाने लगी। कुछ ही देर में एक ट्रक देहरादून की तरफ से तेजी से आता हुआ दिखाई दिया, जिसे पुलिस द्वारा बैरियर लगाकर बमुश्किल रोका गया। आयशर ट्रक का नम्बर UK07CB 6339 है। ट्रक के पीछे तलाशी ली गयी तो ट्रक के अन्दर 465 पेटिया अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

बरामद शराब की कीमत करीब 27 लाख रूपये है। ट्रक से दो व्यक्तियों नवीन कुमार निवासी हल्द्वानी, नैनीताल व चन्दन सिंह बिष्ट निवासी अल्मोड़ा को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में दोनो व्यक्तियों ने बताया कि इस शराब को हम लोग त्रिस्तरीय चुनाव में वोटरों को लुभाने के लिये कोटद्वार के रास्ते पहाड़ लेकर जा रहे थे। दोनो व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत कर न्यायालय में पेश किया जायेगा। ट्रक को सीज किया गया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों में नवीन कुमार पुत्र त्रिलोक राम निवासी गोरा पड़ाव, थाना हल्द्वानी, जिला नैनीताल उम्र 28 वर्ष और चन्दन सिंह बिष्ट पुत्र राम सिंह बिष्ट निवासी जैती, पो0 जाख, थाना लमगड़ा, जिला अल्मोड़ा उम्र 19 वर्ष शामिल हैं।

पुलिस टीम-

1- अमरजीत सिंह रावत, थानाध्यक्ष रायवाला

2- उ0नि0 विक्रम सिंह नेगी

3- उ0नि0 ताजवर सिंह

4- का0  दिनेश महर

5- का0   सचिन सैनी

6- का0   प्रवीण सिन्धू

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like