पुलिस महानिदेशक, अशोक कुमार आज पिथौरागढ़ के दौरे पर, विभिन्न समस्याओं का किया मौके पर ही समाधान

Please Share
पिथौरागढ: आज दिनांकः 07-03-2021 को पुलिस महानिदेशक, अशोक कुमार उत्तराखण्ड के जनपद पिथौरागढ़ दौरे पर थे। उनके आगमन पर पुलिस लाइन में जनपद पुलिस द्वारा सलामी दी गई। तत्पश्चात् पुलिस महानिदेशक द्वारा पुलिस लाईन का भ्रमण किया गया एवं इस दौरान बरकों का भी निरीक्षण किया गया। इसके पश्चात पुलिस महानिदेशक की अध्यक्षता में पुलिस लाईन के गौरी सभागार में जनपद के प्रबुद्ध एवं सम्मानित जनता से जन संवाद किया गया। 
कार्यक्रम में प्रतिभाग करने आए व्यक्तियों एवं अन्य सम्भ्रान्त व्यक्तियों द्वारा पुलिस महानिदेशक के जनपद आगमन पर विभिन्न समस्याओं के सम्बन्ध में चर्चा की गई। पुलिस महानिदेशक द्वारा इस दौरान उठाई गयी समस्याओं/ सुझाओ का संज्ञान लेते हुए मादक पदार्थो की अवैध बिक्री/तस्करी पर प्रभावी रोक लगाये जाने, नगर क्षेत्र में लगने वाले जाम की समस्या हेतु योजना बनाई जाने, महिला सुरक्षा एवं बाल सुरक्षा पर प्रभावी कदम उठाये जाने, कोचिंग संस्थानों पर छेड़छाड़ की घटनाओं को रोकने हेतु पुलिस गश्त बढ़ाये जाने, वाहन चालकों द्वारा नशे में वाहन चलाये जाने पर रोक लगाए जाने, साइबर अपराधों, आनलाइन धोखाधड़ी के सम्बन्ध में समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाये जाने हेतु निर्देशित किया गया।
पुलिस महानिदेशक द्वारा यातायात व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण हेतु, प्रशासन से समन्वय स्थापित कर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। नशे, साइबर क्राइम व आनलाइन धोखाधड़ी आदि के प्रकरणों में पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही की जाएगी तथा नशा, साइबर क्राइम व आनलाईन धोखाधड़ी के सम्बन्ध में पुलिस द्वारा समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, जो स्कूलों, कॉलेजों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी आयोजित किये जाएंगे। नशे के दुष्प्रभाव के प्रति लोगों को जागरूक किये जाने के साथ-साथ आवश्यकतानुसार काउंसिलिंग भी की जाएगी। पुलिस को और अधिक सक्षम एवं संवेदनशील बनाने का अभियान जारी रहेगा।
पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग करते हुए ऐसी कार्यप्रणाली बनानी है, ताकि आम आदमी सुरक्षित महसूस करे और बदमासों में भय बना रहे। साथ ही नई युवा पीड़ी को नशे से दूर रहते हुए सकारात्मक कार्यों में लगने एवं ड्रग्स की सप्लाई चेन को ब्रेक करने में पुलिस की मदद करने का आह्वान किया गया। पुलिस महानिदेशक द्वारा कहा गया कि महिला हिंसा, छेड़खानी व अन्य प्रकरणों के सम्बन्ध में हेल्पलाईन न0- 112/1090 पर आने वाली शिकायतों पर सम्बन्धित थाने द्वारा शीघ्र कार्यवाही की जाएगी तथा 112/1090 की शिकायतों का मेरे द्वारा भी मॉनिटरिंग की जाएगी।
सैनिक सम्मेलन में पुलिस महानिदेशक द्वारा जनपद पुलिस के अधिकारी/कर्मचारियों से उनकी विभागीय एवं व्यक्तिगत समस्याएं पूछी गईं, जिसमें कर्मचारियों द्वारा स्थानान्तरण, गोल्डन कार्ड से सम्बन्धित आदि समस्याओं के बारे में महोदय को बताया गया। इस पर पुलिस महानिदेशक द्वारा कर्मचारियों की समस्या के निस्तारण हेतु मौके पर ही सम्बन्धित को निर्देश दिये गये। पुलिस महानिदेशक द्वारा पुलिस कर्मियों को निष्ठापूर्वक अपनी ड्यूटी करने, थानों में आने वाले प्रत्येक फरियादियों की शिकायतों को रिसीव कर उन पर शीघ्र कार्यवाही किये जाने आदि के सम्बन्ध में निर्देश दिये गए तथा यह भी बताया कि PAC के कर्मियों को बटालियन से बाहर ड्यूटियों पर जाने के समय अपने साथ दैनिक जरूरत की वस्तुए जैसे चारपायी, बिस्तर आदि साथ ले जाने की आवश्यकता अब नही होगी, विभाग द्वारा उक्त वस्तुएं सम्बन्धित जिले के पुलिस लाईन से उपलब्ध कराई जायेंगी । 
पुलिस महानिदेशक द्वारा पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों के लिए विभाग द्वारा संपादित की जा रही कल्याणकारी योजनाओं के परिप्रेक्ष्य में भी अवगत कराया गया तथा कहा गया कि पुलिस की आवश्यक समस्याओं का निदान किया जा रहा है, साथ ही विभाग में प्रत्येक व्यक्ति की उत्तरदायित्व का निर्धारण कर, कार्य के प्रति लापरवाही करने वालों के विरुद्ध यथोचित कार्यवाही की जा रही है।
कार्यक्रम का संचालन अपर पुलिस अधीक्षक (दूरसंचार) बसन्त बल्लभ तिवारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में अजय रौतेला (पुलिस महानिरीक्षक कुमायूं परिक्षेत्र नैनीताल), पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ, पुलिस उपाधीक्षक सदर पिथौरागढ, पुलिस उपाधीक्षक धारचूला, प्रतिसार निरीक्षक/समस्त थाना प्रभारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोरा, जनपद के सीनियर सिटीजन, व्यापार मण्डल के पदाधिकारी, पत्रकार बन्धु, होटल व्यवसायी व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

पुलिस महानिदेशक, अशोक कुमार आज पिथौरागढ़ के दौरे पर, विभिन्न समस्याओं का किया मौके पर ही समाधान 2 Hindi News Bharat »

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like