देहरादून: (Dehradun Firing); उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सोमवार सुबह एक मामूली ओवरटेकिंग विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें फायरिंग की घटना के दौरान मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई।
यह घटना थाना राजपुर क्षेत्र के अंतर्गत मसूरी रोड स्थित मालसी के पास हुई। पुलिस के अनुसार, एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार और स्कॉर्पियो N कार में सवार लोगों के बीच वाहन को पास न देने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि स्कॉर्पियो में सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर का पीछा करते हुए उसे रोकने के लिए उसके टायरों पर फायरिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति को दुर्घटनावश गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
फायरिंग के दौरान फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर जोहड़ी गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास एक पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो में सवार आरोपियों ने फॉर्च्यूनर में मौजूद लोगों के साथ मारपीट की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना में फॉर्च्यूनर में सवार दो लोग घायल हुए हैं।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और अस्पताल जाकर घायलों से जानकारी ली।
पुलिस ने पूरे जनपद में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही, घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है।
पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।