देहरादून: उत्तराखंड पुलिस द्वारा संगठित अपराधियों और भूमाफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘Operation Prahar’ के तहत देहरादून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना रायपुर पुलिस ने सेना के जवानों, प्रवासी उत्तराखंडियों और सीधे साधे लोगों को जमीन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले ₹20 हजार के इनामी आरोपी प्रदीप सकलानी को उसके साथी अजय सजवाण के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी प्रदीप सकलानी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित भूमि धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जीवाड़े के कुल 27 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
फर्जी दस्तावेज तैयार कर की 30 लाख रुपये की ठगी
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई सहस्त्रधारा रोड स्थित विकास लोक निवासी विक्रम सिंह द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अभियुक्त अभय कुमार, प्रदीप सकलानी और अजय सजवाण ने ग्राम सौंडा सरोली (परगना परवादून) स्थित भूमि के फर्जी दस्तावेज तैयार किए।
भारत पाक और बांग्लादेश सीमा होगी हाईटेक, अमित शाह बोले, हर घुसपैठिए की होगी पहचान और कार्रवाई
अभियुक्तों ने खुद को भूमि बेचने के लिए अधिकृत बताते हुए पीड़ित से अनुबंध पत्र के माध्यम से ₹30 लाख रुपये बयाने के रूप में प्राप्त कर लिए। बाद में जब पीड़ित को भूमि के वास्तविक स्वामियों की जानकारी मिली और उसने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपियों द्वारा दिए गए बैंक चेक भी बाउंस हो गए।
इसके बाद थाना रायपुर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पहाड़ी और स्थानीय होने का भरोसा देकर करता था ठगी
एसएसपी देहरादून द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर ₹20,000 का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए मुख्य आरोपी प्रदीप सकलानी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और देहरादून के अलग-अलग क्षेत्रों में दो से तीन महीने के अंतराल पर किराए के मकान बदलता था।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी विशेष रूप से फौजियों, सीधे साधे पर्वतीय लोगों और राज्य से बाहर रहने वाले उत्तराखंड मूल के लोगों को निशाना बनाता था। वह खुद को पहाड़ी और प्रभावशाली स्थानीय व्यक्ति बताकर देहरादून में सस्ती जमीन दिलाने का झांसा देता और लोगों से मोटी रकम वसूल करता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी थाना नेहरू कॉलोनी में दर्ज भूमि धोखाधड़ी के तीन अन्य मामलों में भी वांछित चल रहा था, जिनमें ₹3 करोड़ से अधिक की ठगी के आरोप शामिल हैं।
Helicopter Emergency landing: बदरीनाथ से लौट रहे हेलीकॉप्टर की खेत में इमरजेंसी लैंडिंग, बड़ा हादसा टला
डालनवाला क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी
गठित पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और मैनुअल इनपुट के आधार पर सूचना मिलने के बाद डालनवाला क्षेत्र के एकता विहार में दबिश दी। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी वहां किसी अन्य संपत्ति की खरीद-बिक्री के संबंध में कुछ लोगों से मिलने आने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वांछित इनामी प्रदीप सकलानी और मुकदमे में नामजद अजय सजवाण को गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्तों का विवरण
1. प्रदीप सकलानी
पुत्र भूदेव सकलानी, निवासी बंजारावाला, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून। मूल निवासी पुजार गांव, सत्यों सकलाना, टिहरी गढ़वाल। आयु 42 वर्ष।
2. अजय सजवाण
निवासी ग्राम औली, रायपुर, देहरादून।
2013 से अब तक दर्ज हैं 27 मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार प्रदीप सकलानी के खिलाफ वर्ष 2013 से 2026 तक देहरादून के विभिन्न थानों नेहरू कॉलोनी, डालनवाला, बसंत विहार, पटेलनगर, कैंट, क्लेमनटाउन, डोईवाला और रायपुर में भूमि धोखाधड़ी, जालसाजी और गैंगस्टर एक्ट के तहत कुल 27 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं।
इसके अतिरिक्त आरोपी के खिलाफ राज्य के विभिन्न न्यायालयों में परक्राम्य लिखत अधिनियम (Negotiable Instruments Act) के तहत दो दर्जन से अधिक चेक बाउंस के मामले भी लंबित बताए जा रहे हैं।
एसएसपी देहरादून ने कहा कि जिले में भूमाफियाओं और संगठित अपराध में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Watch Rishikesh: ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के पास उज्जैनी एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतरे, बड़ा हादसा टला