हरिद्वार, 28 नवंबर NAVYA 2.0 Launch): केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने शनिवार को हरिद्वार स्थित उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम् में संयुक्त रूप से नव्या 2.0 का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य किशोरियों और युवा महिलाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर रोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों से जोड़ना है।
नव्या 2.0 के दूसरे चरण में देश के 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 100 जिलों को शामिल किया जाएगा। योजना में आकांक्षी जिलों और दुर्गम क्षेत्रों की युवतियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके तहत पात्रता आयु सीमा 16 से 18 वर्ष से बढ़ाकर 16 से 25 वर्ष कर दी गई है।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की संयुक्त पहल के तहत युवतियों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप उभरते और गैर-पारंपरिक रोजगार क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद उन्हें रोजगार, अप्रेंटिसशिप और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा। (NAVYA 2.0 Launch)
ड्रोन और सोलर सेक्टर में भी मिलेंगे प्रशिक्षण के अवसर
नव्या के पायलट चरण में किशोरियों को ड्रोन निर्माण एवं असेंबली तकनीशियन तथा सोलर पीवी इंस्टॉलेशन हेल्पर जैसे रोजगारपरक क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया गया था। नव्या 2.0 के माध्यम से इन अवसरों का विस्तार करते हुए नई पीढ़ी के रोजगार क्षेत्रों में प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।
योजना के जिला स्तर पर क्रियान्वयन के लिए एक समान मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) निर्धारित की जाएगी। स्किल इंडिया डिजिटल हब के माध्यम से अभ्यर्थियों को नामांकन से लेकर प्रमाणन तक सहायता मिलेगी और उनके प्रशिक्षण की प्रगति की निगरानी की जाएगी।
महिलाओं की भागीदारी के बिना विकसित भारत का लक्ष्य अधूरा : अन्नपूर्णा देवी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि महिलाओं की पूर्ण भागीदारी के बिना विकसित भारत 2047 का संकल्प अधूरा रहेगा। महिलाएं केवल विकास की लाभार्थी नहीं, बल्कि उसकी नेतृत्वकर्ता भी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बालिकाओं की जीवन यात्रा के प्रत्येक चरण में सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है। नव्या 2.0 इसी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने का प्रयास है। (NAVYA 2.0 Launch)
प्रशिक्षण के बाद रोजगार के अवसर महत्वपूर्ण : जयंत चौधरी
केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने अपने वर्चुअल संदेश में कहा कि किसी भी कौशल विकास कार्यक्रम की सफलता का आकलन प्रशिक्षण के बाद मिलने वाले अवसरों से किया जाता है। उन्होंने कहा कि नव्या 2.0 विशेष रूप से वंचित और पिछड़े जिलों की युवतियों को नए करियर विकल्प तलाशने, अप्रेंटिसशिप के जरिए व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने और अपना उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करेगा।
उत्तराखंड में 482 आंगनवाड़ी केंद्रों का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड में 477 सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों और प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत निर्मित पांच नए आंगनवाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया गया। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY 4.0) के तहत प्रशिक्षित 10 अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की सचिव देबाश्री मुखर्जी, सचिव अनिल मलिक सहित केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
नव्या 2.0 के विस्तार से युवा महिलाओं को आधुनिक रोजगार क्षेत्रों में कौशल हासिल करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिलने की उम्मीद है। (NAVYA 2.0 Launch)

