बारिश का कहर जारी, बहुमंजिला इमारत धंसी, 35 लोगों के दबे होने की आशंका, रेस्क्यू जारी

Please Share

शिमलाः हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से बड़ी खबर आ रही है। यहां बारिश का कहर जारी है। रविवार को  सोलन के कुम्हारहट्टी- नाहन मार्ग पर एक बहुमंजिला इमारत गिरने की सूचना है। बिल्डिंग के नीचे करीब 35 लोगों के दबे होने की आशंका है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और बचाव दल मौके के लिए रवाना हो गए हैं। सात घायलों को नजदीकी अस्पताल धर्मपुर लाया गया है जहां इनका उपचार जारी है। परवाणू और सोलन से सात एंबुलेंस को मौके के लिए रवाना कर दिया गया है। इस संबंध में अधिक जानकारी जुटाई जा रही है। मौके पर रेस्क्यू जारी है।

वहीं दूसरी और सोलन के कंडाघाट में नाले का मलबा सड़क पर आने से पार्क की चार कारें मलबे में दब गईं। चायल मार्ग पर मलबा गिरने से एक यात्री घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अंब थाने में पानी घुस गया। ऊना की रिहायशी कॉलोनियों, दुकानों और गगरेट-दौलतपुर चौक बाजार में जलभराव की स्थिति रही। कांगड़ा जिले के दर्जनों संपर्क मार्ग बंद रहे। रक्कड़ के नजदीक खैरन खड्ड में एक ट्रक बह गया। हालांकि, लोडेड होने के कारण पलटने से बच गया। भूस्खलन और पेड़ गिरने से प्रदेश के 50 के करीब सड़कों पर यातायात ठप रहा। राजधानी और अपर शिमला के आधा दर्जनों रूटों पर बस सेवा प्रभावित रही। रोहतांग दर्रे और मनाली की चोटियों पर हिमपात जारी रहा। मनाली, धर्मशाला और प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी झमाझम बारिश हुई है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार रविवार और सोमवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी है। प्रदेश के कुछ क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है। 19 जुलाई तक पूरे प्रदेश में बारिश और चोटियों पर हल्के हिमपात के आसार हैं।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like