देहरादून जिला जज प्रशांत जोशी निलंबित, आरोपी की ऑडी कार इस्तेमाल करने पर हुई कार्रवाही

Please Share
नैनीताल: देहरादून जिला जज प्रशांत जोशी को सरकारी काम के दौरान विभाग की गाड़ी की बजाय एक आरोपी की ऑडी कार इस्तेमाल करने पर निलंबित किया गया है। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल हीरा सिंह बोनाल की ओर से यह आदेश किए गए। उत्तराखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश रवि मलिमथ के दिशा निर्देशानुसार रजिस्ट्रार जनरल ने यह पत्र जारी किया है।
इसमें कहा गया कि प्रशांत जोशी मसूरी कैम्प कोर्ट में सरकारी वाहन की जगह ऑडी कार से गए थे। इस कार के स्वामी केवल कृष्ण सोइन हैं। संभवत: गलत कृत्य छुपाने को कार में जिला जज का बोर्ड लगाया गया था। सोइन पर धारा 420, 467, 468, 471 और 120बी के तहत राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज है।
आरोपी ने उस एफआईआर को निरस्त करने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। इस गाड़ी को जिला जज का बोर्ड लगाकर मसूरी में हाईकोर्ट के गेस्ट हाउस के आगे खड़ा किया गया था। आदेश में कहा गया है कि जिला जज प्रशांत जोशी का यह कदम अनुशासनहीनता को दर्शाता है और यह उत्तराखंड कर्मचारी आचरण नियमावली के नियम 3(1), 3(2) एवं 30 का भी उल्लंघन है। 
वहीँ रजिस्ट्रार जनरल हीरा सिंह बोनाल के आदेश में यह भी कहा गया कि निलंबित जज प्रशांत जोशी को इस दौरान आधा वेतन मिलेगा। यह धनराशि उन्हें अपनी बेगुनाही का लिखित प्रमाणपत्र देने पर मिलेगी। उन्हें रुद्रप्रयाग के जिला जज मुख्यालय से भी अटैच कर दिया गया है। उन्हें हाईकोर्ट की अनुमति के बगैर स्टेशन छोड़ने की अनुमति भी नहीं दी गई है।

 

 

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like