झारखंड में पुलिस दल पर नक्सली हमला, 5 जवान शहीद

Please Share

रांची:झारखंड से बड़ी खबर सामने आई है।यहां सरायकेला जिले के चांडिल के पास तिरुलडीह थाना क्षेत्र के कुकडु साप्ताहिक हाट में शुक्रवार देर शाम नक्सलियो ने पुलिस के गश्ती दल पर हमला कर दिया। इसमें दो एएसआई सहित पांच जवान शहीद हो गए। नक्सलियों ने जवानों के हथियार भी लूट लिए है।

झारखंड के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) और प्रवक्ता मुरारी लाल मीणा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि शाम को गश्त पर निकले पुलिस जवानों के दल को नक्‍सलियों ने बंगाल की सीमा के निकट तिरुलडीह थाना क्षेत्र में जंगलों में चारों ओर से घेर लिया और अंधाधुंध गोलीबारी की जिससे गाड़ी में सवार दो सहायक पुलिस निरीक्षकों और तीन सिपाहियों की मौत हो गई जबकि वाहन चालक ने मौके से किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। उन्होंने बताया कि हमलावर नक्सली जवानों के हथियार भी लूटकर अपने साथ ले गए।

पुलिस के ड्राइवर सुखलाल कुदादाने जंगल में भागकर अपनी जान बचाई। शहीद हुए जवानों मेंएएसआई मनोधन हासदां,एएसआई गोवर्धन पासवान, कांस्टेबल युधिष्ठिर मालुवा,कांस्टेबल धनेश्वर महतो औरकांस्टेबल डिबरू पूर्ति का नाम शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भागते हुए बदमाश माओवाद जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। घटना के बाद ढाई घंटे तक जवानों के शव सड़क पर पड़े रहे। पुलिस अफसर घटनास्थल पर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। रात करीब 8 बजे डीआईजी के नेतृत्व में फोर्स घटनास्थल पर पहुंचा। डीजीपी केएन चौबे ने घटना के बाद शुक्रवार देर रात पुलिस उच्चाधिकारियों की बैठक बुलाई है।

छह बाइक पर सवार थे हथियारबंद नक्सली
घात लगाए बैठे करीब 20 नक्सली अलग-अलग बंटकर पुलिस वालों के पीछे लग गए। एक जवान का दो-दो नक्सली पीछा कर रहे थे। उनके पास छोटे हथियार थे। किसी के पास भुजाली तो किसी के पास देसी कट्टा और पिस्टल थी। इसी वजह से उनके करीब पहुंचने तक पुलिस को उन पर शक नहीं हुआ। ग्रामीणों के अनुसार घटना के बाद नक्सली 6 बाइकों पर सवार होकर भागे। वे एएसआई की दो रिवाॅल्वर और कारतूस तथा जवानों के तीन इंसास राइफल और कारतूस लूट ले गए।

झारखंड के सीएम रघुबर दास ने इस हमले की निंदा की है। रघुबर ने ट्विटर पर लिखा, ‘सरायकेला में हुए नक्सली हमले में शहीद जवानों की शहादत को नमन। दुख की इस घड़ी में समस्त झारखंडवासी शहीदों के परिजनों के साथ हैं। हमारी सरकार नक्सलवाद को करारा जवाब दे रही है, हमारे जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी।’

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like