मंडी निरीक्षक 8,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

Please Share

संवाददाता (हरीश शर्मा)

हल्द्वानी: पुलिस ने हल्द्वानी में कृषि उत्पादन मंडी समिति के मंडी निरीक्षक को आठ हज़ार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मामले के अनुसार, सोमवार को शिकायतकर्ता पुरुषोत्तम अग्रवाल निवासी रुद्रपुर ने पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर नैनीताल, हल्द्वानी कार्यालय आकर शिकायत दर्ज कराई कि, उसे अपनी आढ़त हेतु मंडी लाइसेंस की आवश्यकता थी। जिस हेतु वह कृषि उत्पादन मंडी समिति के मंडी निरीक्षक, इंद्र बहादुर चंद से अगस्त प्रथम सप्ताह में मिला तो उन्होंने मंडी में आढत की लाइसेंस हेतु ₹10,000 की रिश्वत की मांग की। बार-बार निवेदन करने पर मंगलवार को ₹8,000 देकर लाइसेंस लेना तय हुआ। सारी कागज़ी कार्यवाही कर शिकायतकर्ता लाइसेंस का आवेदन कर दिया। साथ ही बताया गया कि, मैं रिश्वत नहीं देना चाहता।

शिकायती पत्र की प्रारम्मिक जांच पर शिकायत के तथ्य सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी द्वारा निरीक्षक इंद्र सिंह राणा  के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया और नियमानुसार सरकारी गवाहों की मौजूदगी में जब ट्रैप टीम मंडी समिति बगवाड़ा रुद्रपुर पहुंची, तो इंद्र बहादुर ने फोन से शिकायतकर्ता को बताया की सारी बात मेरे साथी निरीक्षक भुवन गोस्वामी को पता है। तुम पैसे भुवन गोस्वामी को दे दो। शिकायतकर्ता से मंडी निरीक्षक भुवन गोस्वामी ने पूर्व में बताई रिश्वत की राशि ₹8,000 मांगे। भुवन गोस्वामी, मंडी निरीक्षक, कृषि उत्पादन मंडी समिति, बगवाड़ा रुद्रपुर, पुत्र माधव नाथ गोस्वामी निवासी पुरानी सब्जी मंडी मंगल पड़ाव हल्द्वानी को रिश्वत की राशि ₹8,000 लेते हुए उसके कार्यालय से मंगलवार को दोपहर करीब 12:30 पर रंगे हाथ विजीलेंस ट्रैप टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध समुचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

बता दें कि, सतर्कता विभाग द्वारा भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने हेतु 18001806666 टोल फ्री हेल्पलाइन की व्यवस्था की गयी है। वृहद प्रचार-प्रसार हेतु बोर्ड लगाये गये है, तथा फेसबुक व व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर भी सतर्कता विभाग सक्रिय है। साथ ही विभाग द्वारा लोगों से मुहीम में सहयोग देने की अपील की गई है।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like