मोदी समेत कई मंत्री ट्विटर पर बने ‘चौकीदार’..सीएम त्रिवेंद्र भी बने “चौकीदार”

Please Share

देहरादून: लोकसभा चुनाव में “चौकीदार” पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी दलों की बयानबाजी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके मंत्रिमंडल के कई सदस्यों ने ट्विटर पर उनके नामों के आगे “चौकीदार” लगा लिया है। वहीं उत्तराखंड सीएम त्रिवेंद्र सिंह समेत कई नेताओं ने अपने नाम के आगे चौकीदार लगा दिया।

मोदी ने ट्विटर अपने निजी अकाउंट “नरेंद्रमोदी” में अपना नाम “नरेंद्र मोदी” से बदलकर “चौकीदार नरेंद्र मोदी” कर लिया है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भी अपना नाम “चौकीदार अमित शाह” कर लिया है।

केंद्रीय मंत्रियों में रेल मंत्री पीयूष गोयल, स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. हर्षवर्द्धन और नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा ने ट्विटर पर उनके नामों के आगे चौकीदार शब्द जोड़ लिया है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमण सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तथा राज्यसभा सांसद अनिल जैन भी इस मुहिम में शामिल हो गये हैं।

उल्लेखनीय है कि पिछले काफी दिनों से प्रधानमंत्री पर भ्रष्टाचारियों का साथ देने का आरोप लगाते हुये विपक्षी कांग्रेस “चौकीदार चोर है” की बात दुहरा रही है। इसके जवाब में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा था “आपका चौकीदार दृढता से खड़ा है और देश की सेवा कर रहा है। लेकिन मैं अकेला नहीं हूँ। हर व्यक्ति जो भ्रष्टाचार, गंदगी और सामाजिक बुराइयों से लड़ रहा है, चौकीदार है। भारत की प्रगति के लिए परिश्रम करने वाला हर व्यक्ति चौकीदार है। आज हर भारतीय कह रहा है – मैं भी चौकीदार।”

उनके इस ट्वीट के बाद मोदी मंत्रिमंडल में चौकीदार अभियान शुरू हुआ है।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like