नीरव मोदी के खिलाफ कार्रवाई के लिए यूके ने भारत से मांगे दस्तावेज, नहीं मिला जवाब: सूत्र

Please Share

नई दिल्ली: पंजाब नेशनल बैंक को हजारों करोड़ रुपए का चूना लगाने वाले भगोड़े व्यापारी नीरव मोदी को हाल ही में यूके की सड़क पर देखा गया था। जिसके बाद तमाम मीडिया हाउस ने इस खबर को रिपोर्ट किया था। इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद यह खबर भी सामने आई कि भारत ने नीरव मोदी के प्रत्यर्पण की कोशिश कर रही है। लेकिन इन सबके बीच खबर आई है कि यूके प्रशासन की ओर से भारत से संपर्क किया गया और नीरव मोदी के खिलाफ कार्रवाई के लिए दस्तावेज मांगे गए। लेकिन भारत की ओर से यूके की मांग पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।

पिछले साल भेजा था अलर्ट

एनडीटीवी की खबर के मुताबिक भारत ने नीरव मोदी के खिलाफ यूके में पहली शिकायत म्युचुअल लीगल असिस्टैंट ट्रीटी के तहत की थी। यूके सरकार को इस बाबत फरवरी 2018 में अलर्ट भेजा गया था। यह कदम उस वक्त उठाया गया था जब सीबीआई ने नीरव मोदी और उनके परिवार के खिलाफ 13000 करोड़ रुपए के फर्जीवाड़े के तहत मामला दर्ज किया था। नीरव मोदी और मेहुल चोकसी पर आरोप है कि उन्होंने पीएनबी के साथ 13000 करोड़ रुपए का फर्जीवाड़ा किया है।

भारत ने नहीं दी प्रतिक्रिया

खबर के मुताबिक यूके की कानूनी टीम ने नीरव मोदी के खिलाफ कार्रवाई के लिए भारत की मदद की पेशकश की है, लेकिन भारत की ओर से अभी तक इस बाबत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। गौरतलब है कि ईडी ने पीएनबी घोटाले मामले में नीरव मोदी के खिलाफ मनी लॉड्रिंग के तहत अनुपूरक आरोप पत्र दायर किया है।

लंदन की सड़क पर नजर आया था नीरव मोदी

बता दें कि द टेलिग्राफ ने नीरव मोदी का वीडियो भी जारी किया है, जिसमें उसका लुक पूरी तरह से बदला नजर आ रहा है। नीरव मोदी ने दाढ़ी-मूंछ बढ़ा ली है। नीरव मोदी बेखौफ नजर आ रहा है और हंसते हुए रिपोर्ट्स के सवालों को टाल रहा है। लेदर जैकेट पहने नीरव मोदी को पहचानना बहुत मुश्किल नहीं है। नीरव मोदी और मेहुल चौकसी ने पंजाब नेशनल बैंक में करीब 13000 हजार करोड़ रुपए के वित्तीय घोटाले को अंजाम दिया। इस घोटाले के बाद दोनों देश छोड़कर फरार हो गए थे।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like