उत्तराखंड: नींद में दलदल में गिरा, फंसकर हुई मौत

Please Share

ऊधमसिंह नगर (किच्छा): पनचक्की फार्म के पास मवेशी चराने गया एक युवक आराम करने के दौरान नींद में ही करवट बदलते समय दलदल में जा गिरा, जिससे उसकी दलदल में फंसकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम चुकटी की कमला कॉलोनी में रहने वाले और मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करने वाले माधव राय का पुत्र श्याम राय (18) मंगलवार को दिन में मवेशियों को चराने गया था। कुछ देर बाद वह मवेशियों को पानी पिलाने के लिए पनचक्की की नहर की तरफ ले गया। मृतक के पिता माधव ने बताया कि मवेशियों को पानी पीता छोड़ उनका पुत्र नहर किनारे एक पेड़ के नीचे आराम करने के लिए लेट गया और उसकी आंख लग गई।
जिस स्थान पर श्याम लेटा था, वह नहर का ऊंचा किनारा है। इस बीच नींद में उसने जब करवट बदली तो वह नहर में जा गिरा और नहर की दलदल में फंस गया। श्याम को दलदल में गिरता देख लोगों ने शोर मचाने पर आनन-फानन में उसे बाहर निकालकर सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like