पेयजल आपूर्ति में सौंग बांध होगा बेहद महत्वपूर्ण: मुख्यमंत्री

Please Share

देहरादून: मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शनिवार को सचिवालय में वीडियो कान्फ्रेंसिंग द्वारा देहरादून जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यतः मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा की। बैठक में प्रभारी मंत्री यशपाल आर्य, विधायक, मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव ओम प्रकाश सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी, जिलाधिकारी देहरादून व अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने देहरादून में प्रस्तावित सौंग बांध के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द से जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 22 जुलाई को रिस्पना क्षेत्र में प्रस्तावित पौधरोपण कार्यक्रम में अधिक से अधिक सहभागिता के लिए लोगों व स्कूली बच्चों को प्रेरित किया जाए। साथ ही भविष्य में जो भी सीवरेज योजनाएं बनाई जाएं, उसमें सीवरेज लाईन बिछाने से पहले ट्रीटमेंट प्लांट बनाना सुनिश्चित कर लिया जाए।

पेयजल आपूर्ति में सौंग बांध होगा बेहद महत्वपूर्ण: मुख्यमंत्री 2 Hindi News Bharat »

सीएम ने कहा कि प्रदेश के नगर निकायों की परिधि में शामिल होने वाले नये क्षेत्रों में 10 वर्ष तक भूमि कर नहीं लिया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए स्वीकृत किए गए कार्यों पर पूरी गम्भीरता के साथ समयबद्ध तरीके से काम किया जाए। साथ ही सभी मुख्यमंत्री घोषणाओं की नियमित तौर पर मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने इसके लिए जिला स्तर पर जिलाधिकारी व शासन स्तर पर सचिव अमित नेगी को जिम्मेदारी सौंपी। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित सौंग बांध के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताओं को जल्द से जल्द पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में देहरादून को पेयजल आपूर्ति में सौंग बांध बहुत महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे ग्रेविटी पर पानी की उपलब्धता रहेगी। वहीं चकराता विधानसभा क्षेत्र में सीएम घोषणाओं की समीक्षा के दौरान बताया गया कि चकराता लाखामण्डल मोटर-मार्ग के सुधारीकरण कार्य का आंगणन एक सप्ताह में दे दिया जायेगा। पशु चिकित्सालय के लिए 45 लाख रूपये स्वीकृत हैं। 27 ग्रामों को त्यूनी से हटाकर चकराता तहसील में शामिल कर लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने राजकीय इण्टर कॉलेज नागथात का नाम स्वतंत्रता सेनानी केदार सिंह के नाम पर जल्द से जल्द करने के निर्देश दिये। सीएम ने बताया कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में चन्द्रबनी में सम्पर्क मार्ग पर 50 प्रतिशत काम हो चुका है। गुलाटा नदी पर आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट का कार्य 15 सितम्बर से शुरू कर दिया जायेगा। वहीं धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक विनोद चमोली की मांग पर ट्रांसपोर्टनगर सड़क निर्माण के प्रथम एवं द्वितीय चरण के अब तक के हुए कार्यों के भौतिक सत्यापन के निर्देश दिये गये। और दून विश्वविद्यालय में हिमालयन शोध संस्थान की स्थापना के लिए मुख्य सचिव को मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिये।

रायपुर विधानसभा क्षेत्र में राजकीय महाविद्यालय रायपुर को मालदेवता मुख्य मार्ग से जोड़ने की स्वीकृति दी जा चुकी है। महाविद्यालय में चार क्लास रूम के निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिये गये। ननूरखेड़ा में आरसीसी मार्ग का कार्य प्रगति पर है। लाडपुर-रिंगरोड पेयजल योजना का आंगणन तैयार कर लिया गया है, एक माह में इसकी डीपीआर बना ली जायेगी। उन्होंने बताया कि राजपुर विधानसभा क्षेत्र में परेड ग्राउंड स्थित दून पुस्तकालय शोध केन्द्र के लिए 15 लाख रूपये स्वीकृत किये गये हैं। प्रेस क्लब भवन निर्माण के लिये 1 करोड़ रूपए की धनराशि स्वीकृत है। मुख्यमंत्री ने मसूरी में आधुनिक शौचालयों के निर्माण जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिये। बताया गया कि मसूरी में वाहन पार्किंग के लिए चार स्थान चिन्हित किये गये हैं। साथ ही भट्टा फॉल, रोवर्स केव में पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। सीएम ने बताया कि कौलागढ़ में निराश्रित बालिकाओं के लिए हॉस्टल का निर्माण भी किया जायेगा।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like