पिछली सरकार ने चार साल में 25 लाख घर बनाए, बीजेपी ने बनाये 1 करोड़ 25 लाख घर: पीएम मोदी

Please Share

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शिरडी पहुंचे। शिरडी के साईं बाबा को समाधि लिए हुए आज 100 साल पूरे हो रहे हैं। इस मौके पर शिरडी में खास कार्यक्रम किया जा रहा है। शुक्रवार सुबह पीएम मोदी शिरडी के नए हवाई अड्डे पहुंचे वहां से हेलीकॉप्टर से श्री साईंबाबा संस्थान न्यास के लिए रवाना हुए। पीएम मोदी ने यहां साईं बाबा के मंदिर में पूजा भी की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां मंदिर की विजिटर बुक में अपने विचार भी लिखे। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर साईं बाबा की याद में चांदी का सिक्का जारी किया। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के कई लाभार्थियों को घर की चाभी सौंपी।

इस कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक रैली को संबोधित किया। पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत मराठी भाषा में की। पीएम ने इस मौके पर बिना कांग्रेस का नाम लिए कहा कि “कोशिशें पहले भी हुई हैं, लेकिन दुर्भाग्य से उनका लक्ष्य गरीबों को घर देकर सशक्त करने के बजाय, एक विशेष परिवार के नाम का प्रचार करना अधिक रहा है। उन्होंने कहा कि साईं का मंत्र है ‘सबका मालिक एक है’, साईं समाज के थे और ये समाज साईं का था। साईं के चरणों बैठ गरीबों के लिए काम करना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि दशहरे के इस पावन अवसर पर मुझे महाराष्ट्र के ढाई लाख बहनों-भाइयों को अपना घर सौंपने का अवसर मिला है, मेरे वो भाई बहन जिनके लिए अपना घर, हमेशा सपना ही रहा है। पिछली सरकारों का लक्ष्य सिर्फ एक परिवार का प्रचार करना था, घर देना नहीं था। पीएम ने कहा कि आज यहां 10 मेगावाट की एक सोलर यूनिट की भी शुरुआत की गई है। इससे संस्थान के संसाधन बढेंगे और क्लीन एनर्जी में भागीदारी भी। ये एक ऐसा मॉडल है जिससे देश भर में कई संस्थान लागू कर सकते हैं। यानी सेवा के साथ ही राष्ट्र सेवा भी की जा सकती है।

प्रधानमंत्री बोले कि पिछली सरकार ने अपने आखिरी चार साल में सिर्फ 25 लाख घर बनाए थे, लेकिन हमारी सरकार ने अपने चार साल के कार्यकाल में 1 करोड़ 25 लाख घर बनाए हैं। अगर पिछली ही सरकार होती तो इतने घर बनाने के लिए 20 साल लग जाते।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like