राजनीतिक बदले का हथियार बन गई है सीबीआई : राहुल गांधी

Please Share

नई दिल्ली: सीबीआई के विशेष निदेशक राकेश अस्थाना के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने एक ट्वीट में लिखा कि, ‘पीएम के पसंदीदा, गुजरात कैडर अधिकारी, गोधरा एसआईटी के चर्चित, सीबीआई में नंबर-2 पद पर घुसपैठ करने वाले, अब रिश्वतखोरी कांड में फंस गए हैं। राहुल ने प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि, सीबीआई राजनीतिक दुश्मनी निभाने का हथियार बन गई है। ये संस्था लगातार गिरावट की ओर है।

गौरतलब है कि सीबीआई ने एक अप्रत्याशित कदम उठाते हुए अपने ही विशेष निदेशक राकेश अस्थाना पर एक मामले को रफा-दफा करने के लिए 3 करोड़ रुपए रिश्वत लेने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।

सीबीआई ने सतीश साना की शिकायत के आधार पर विशेष निदेशक अस्थाना, पुलिस उपाधीक्षक देवेंद्र कुमार, मनोज प्रसाद, कथित बिचौलिए सोमेश प्रसाद और अन्य अज्ञात अधिकारियों पर भी मामला दर्ज किया है। इसके मुताबिक अधिकारी ने हैदराबाद के व्यापारी सतीश साना, जिसका नाम मीट कारोबारी मोइन कुरैशी की जांच से जुड़े मामले में सामने आया था, के मामले को खत्म करने के लिए 3 करोड़ रुपए की रिश्वत ली थी।

विशेष निदेशक राकेश अस्थाना पर 3 करोड़ रुपए घूस लेने के आरोप लगने के बाद अब अस्थाना ने अपनी ही संस्था के निदेशक आलोक वर्मा के खिलाफ केंद्रीय सतर्कता आयुक्त (सीवीसी) से शिकायत की है। अस्थाना का आरोप है कि वर्मा ने खुद 2 करोड़ रुपए रिश्वत ली, इसलिए अपने को बचाने के लिए उनके खिलाफ आरोप लगाए जा रहे हैं।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like