सचिवालय में दबोचा गया दलाल, पैसे लेकर लगाता था नौकरी

Please Share

देहरादून: सचिवालय में पैसे लेकर नौकरी लगाने वाले एक युवक को सचिवालय सुरक्षा दल के कर्मियों ने गिरफतार किया है। सुरक्षाकर्मियों ने युवक से गुनाह भी कबूल करवाया और इससे पहले कि, उसे आगे की कार्यवाही करने के लिए पुलिस को सौंपते, सचिवालय के उच्चाधिकारियों द्वारा हस्तक्षेप कर युवक को छोड़ने के निर्देश दिये गये।

इससे सचिवालय में नौकरी दिलाने के गोरख धंधे में अधिकारियों के संलिप्त होने की आशंका गहरा गई। फर्जी नौकरी लगाने वाले युवक का नाम संदीप बिष्ट बताया जा रहा है, जो कि कोटद्वार का रहने वाला है। जानकारी के मुताबिक, संदीप  सचिवालय में उपनल के माध्यम से 10 वर्ष तक नियुक्त रहा। तथा वर्तमान में वह अपनी नौकरी छोड़ चुका था। पैसे लेकर नौकरी लगाने का झांसा देकर संदीप ने डोईवाला के 5 युवकों से 60-60 हजार रुपये नगद लिए। रुपये मिल जाने के बाद संदीप ने चालाकी से शासन में नियुक्त एक उच्च अधिकारी के नाम का उपयोग कर फर्जी हस्ताक्षर किया हुआ नियुक्ति पत्र युवकों को थमा दिया। नियुक्ति पत्र मिल जाने के बाद जब ये युवक सचिवालय में जॉइनिंग के लिए आए, तो यह सारा प्रकरण उजागर हुआ।

वहीं संदीप से सचिवालय सुरक्षा कर्मियों को संयुक्त सचिव और उपसचिव तक के लेटरपैड मिले, हालांकि उनमें सिग्नेचर फर्जी थे। फिलहाल संदीप से एक पत्र में सचिवालय सुरक्षा दल ने उसका कबूल नामा लिखवा लिया है। मामले में उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अभियुक्त को छोड़ दिया गया, लेकिन मुख्य सुरक्षा अधिकारी आगे की कार्यवाही जारी रखने की बात कह रहे हैं।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like