शिवपाल के पार्टी कार्यालय पहुंचे मुलायम सिंह यादव, दिया राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का प्रस्ताव

Please Share

नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव मंगलवार को अपने भाई शिवपाल की पार्टी ‘प्रगतिशील समाजवादी पार्टी’ के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। सपा संरक्षक के कार्यालय पहुंचते ही सियासी गलियारों में हलचल मच गयी। इस दौरान मुलायम सिंह यादव जिंदाबाद और शिवपाल सिंह यादव जिंदाबाद के नारे लगाए गए। शिवपाल ने उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव मंच से दिया। मुलायम ने कहा कि राष्ट्रीय अधिवेशन बुलाओ, उसमें देखा जाएगा।

इस मौके पर शिवपाल यादव ने मुलायम सिंह यादव को पार्टी का झंडा सौंपा। शिवपाल ने कहा कि तीन बार इजाजत लेकर अपनी पार्टी बनाई है। लोहिया और गांधीवादी को लोगों को जोड़कर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी को आगे बढ़ाएंगे। महिलाओं को आगे बढ़ाने और किसानों की लड़ाई की बात होगी। सभी के हक की बात होगी। मुलायम ने जो संदेश दिया है, उसी को लेकर आगे बढ़ेंगे। हमने नेता जी (मुलायम सिंह यादव) को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव दिया है, उसे राष्ट्रीय सम्मेलन में और मजबूती के साथ रखा जाएगा।

शिवपाल यादव ने कहा कि नेताजी यह प्रगतिशील समाजवादी पार्टी है और अब आपको इसी में रहना है। बताया जा रहा है कि इस पर नेताजी बोले- ठीक है। नेताजी की सहमति पर शिवपाल फिर बोले, आपको इस पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना है। हम आपको राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव करते हैं।

इस प्रस्ताव का सबने एक सुर में समर्थन किया। शिवपाल ने कहा कि जहां समाजवादी लोग हैं वहीं नेता जी हैं। इस पर मुलायम ने राष्ट्रीय सम्मेलन बुलाने के लिए कहा। जवाब में शिवपाल ने कहा कि 15 दिन में राष्ट्रीय सम्मेलन कर लेंगे।

गौरतलब है कि शिवपाल के समाजवादी पार्टी छोड़ने के बाद मुलायम सिंह भाई और बेटे दोनों को साधने में लगे हैं। वह सपा के मंच पर भी जा रहे हैं और शिवपाल के साथ भी नजर आ रहे हैं। शिवपाल भी मुलायम को अपने पक्ष में दिखाते नजर आ रहे हैं।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like