‘द अल्टीमेट उत्तराखण्ड हिमालयन एमटीबी चैलेन्ज’ का दूसरा दिन भी ईरान के नाम रहा

Please Share

बागेश्वर: पर्यटन विभाग उत्तराखण्ड और साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश में चतुर्थ ‘द अल्टीमेट उत्तराखण्ड हिमालयन एमटीबी चैलेन्ज’ प्रतियोगिता के अंतर्गत रैली को अल्मोड़ा से फ्लैग ऑफ कर कौसानी के लिए रवाना किया गया। राज्य में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। जिसमें राष्ट्रीय प्रतियोगियों के अलावा जर्मनी, इण्डोनेशिया, ईरान, मलेशिया, नेपाल, सिंगापुर और थार्इलैण्ड के 87 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया है। प्रतियोगिता में 13 अंतर्राष्ट्रीय पुरूष और 9 अंतर्राष्ट्रीय महिला प्रतिभागियों के अलावा देश के 62 पुरूष और 3 महिला प्रतिभागी प्रतिभाग कर रहे हैं।

अल्मोड से शुरू होकर कौसानी में फिनिश पांइन्ट पर ईरान के परवीज मर्दीना ने लगातार दूसरे दिन भी अपना पहला स्थान बरकरार रखा। उन्होंने 80 किमी की दूरी 02 घण्टे 48 मिनट 13 सेकंड में तय करते हुए सबसे पहले फिनिसिंग लार्इन को पार किया। वहीं महिला वर्ग में सिंगापुर की फेंग यी लिन और तीसरे नंबर पर नेपाल की लक्ष्मी राइडर रही।

वहीँ पुरुष वर्ग में शनिवार को जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। भारतीय राइडर्स ने विदेशी राइडर्स को कड़ी चुनौती दी। हिमाचल प्रदेश के शिवेन ने 2 घंटे 48 मिनट 46 सेकंड का समय निकालकर दूसरा स्थान प्राप्त किया। इंडोनेशिया के जैनल फैनानी शिवेन से मात्र सेकंड के 10वें भाग के अंतर से पीछे रहे। यह दोनों राइडर पहला स्थान प्राप्त करने वाले राइडर से महज 28 सेकंड पीछे रहे। राइडर्स के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा का आलम यह रहा कि पहले 6 राइडर्स के बीच महज 49 सेकंड से भी कम समय का अंतर रहा।

महिला वर्ग में इंडोनेशिया की नोवियाना और नेपाल की लक्ष्मी मगर दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। उत्तराखंड के प्रतिभागियों में रजत पांडे सर्वश्रेष्ठ रहे, जिन्होंने 2 घंटे 50 मिनट 17 सेकंड में रेस पूरी की। रमेश भारती और विकास दुर्गापाल स्थानीय संवर्ग में दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।

प्रतियोगिता में 20 से अधिक अंतरराष्ट्रीय साइकिलिस्ट ने प्रतिभाग किया है। राज्य के साहसिक पर्यटन के भविष्य के दृष्टिकोण से यह एक अत्यंत सकारात्मक तथ्य है। हाल के वर्षों में उत्तराखंड साहसिक पर्यटन के महत्वपूर्ण वैश्विक गंतव्यों में अपना स्थान बनाने में कामयाब हुआ है। पर्यटन विभाग ने इस आयोजन के माध्यम से राज्य को साहसिक पर्यटन के वैश्विक मंच पर और अधिक मजबूती से स्थापित करने की योजना है।

उत्तराखंड के पहाडी क्षेत्रों का नैसर्गिक सौंदर्य और पर्वतीय भौगोलिकी इसे साहसिक खेलों के आदर्श गंतव्यों में एक विशिष्ट स्थान प्रदान करती है। इस प्रकार के आयोजनों को सफलतापूर्वक किए जाने से अंतर्राष्ट्रीय पटल पर एक एडवेंचर हब के रूप में राज्य को अधिक प्रसिद्धि प्राप्त होगी। द अल्टीमेट उत्तराखण्ड हिमालयन एमटीबी चौलेन्ज प्रतियोगिता राज्य के आठ पर्वतीय जिलों में 564 किलोमीटर का सफर तय करेगी। यह प्रतियोगिता नैनीताल से शुरू होकर अल्मोडा, कौसानी, रूद्रप्रयाग, नर्इ टिहरी, चिन्यालीसौड के बाद मसूरी में समाप्त होगी। रैली का विधिवत समापन 26 अप्रैल को राजधानी देहरादून में होगा। जहाँ विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का तीसरा स्टेज 21 अप्रैल को सुबह सात बजे कुमाऊॅ मण्डल विकास निगम कौसानी से शुरू होकर रूद्रप्रयाग तक रहेगा।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like