लम्बे इंतजार के बाद झील में वाटर स्पोर्ट्स का आगाज

Please Share

रुद्रप्रयाग : लम्बे इंतजार के बाद आखिरकार रुद्रप्रयाग जनपद की पपडासू झील में वाटर स्पोर्ट्स की गतिविधियों का रविवार से संचालन शुरू हो गया है। स्थानीय विधायक भरत चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया और आश्वस्त किया कि शीघ्र ही सरकार के माध्यम से यहां पर बड़े स्तर पर जल क्रियाओं का व्यावसायिक संचालन शुरू कर दिया जायेगा।

साहसिक पर्यटन के उद्देश्य से रविवार का दिन रुद्रप्रयाग जनपद के लिए महत्वपूर्ण रहा। लम्बे समय से यहां वाटर स्पोर्ट्स की गतिविधियां संचालित करने की कवायद तो की जा रही थी मगर प्रयास सफल नहीं हो पा रहे थे। रविवार को तमाम वाटर स्पोर्ट्स प्रेमी यहां जुटे और पपडासू झील साहसिक पर्यटकों के लिए विशेष आकर्णण का केन्द्र बन गयी। बद्रीनाथ केदारनाथ हाईवे से सटे पड़ोसी खांकरा क्षेत्र में स्थित होने के कारण यहां पर हर समय पर्यटकों को देखा जा सकता है और इसी मकसद से इस झील को रोजगार का जरिया बनाने की प्रशासन की तैयारियां चल रही थी।

प्रारंभिक चरण में यहां पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण स्थानीय बेरोजगारों को दिया जा रहा है। इसके पश्चात 15 दिन का स्पेशल प्रशिक्षण इन्हीं प्रशिक्षणार्थियों को दिया जायेगा। जिसके बाद ही स्थानीय बेरोजगार इस झील में अपने रोजगार को लेकर साहसिक गतिविधियों को संचालित करेंगे। पर्यटन विभाग जहां झील में बोट समेत अन्य उपकरणों के खरीदने में मदद करेंगे, वहीं प्रशासन भी यहां के इन्फ्रास्ट्रक्चर को तैयार करने में मदद करेगा जिससे यह स्थान पर्यटकों की पसन्द बन सके और बेरोजगारों को अपने घर में रोजगार मिल सके।

प्रशासन की मंशा अगर पपडासू झील को विकसित करने में सार्थक सिद्ध होती है तो कहीं ना कहीं सरकार के खजाने में बढ़ोत्तरी तो होगी ही साथ ही स्थानीय बेरोजगारों को भी रोजगार का जरिया मिल पायेगा। अब देखना यह होगा कि सरकार बेरोजगारों के रोजगार को लेकर किस तरह से आगे की कार्ययोजना बनाती है, उसी से जिले के साहसिक पर्यटन का खाका तैयार हो पायेगा।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like

Leave a Reply