बॉलीवुड अभिनेत्री किरण खेर का बर्थडे आज, 62 साल की हुई किरण

Please Share
बॉलीवुड अभिनेत्री किरण खेर का बर्थडे आज, 62 साल की हुई किरण 1 Hindi News Bharat »

बबीता रयाल

बॉलीवुड एक्ट्रेस, बीजेपी सांसद और बड़े पर्दे की पॉपुलर मां किरण खेर का आज यानि 14 जून को बर्थडे हैं। जी हां, बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद किरण खेर आज 62वां जन्मदिन मना रही हैं। एक अभिनेता से राजनेता तक का सफर तय करने वालीं किरण खेर एक बहुत ही बेहतरीन एक्ट्रेस होने के साथ-साथ बहुत मजबूत नेता भी मानी जाती हैं। किरण खेर ने अपने करियर की शुरुआत साल 1983 में पंजाबी फिल्म ‘आसरा प्यार दा’ से की थी। हालांकि इस फिल्म से उन्हें कोई फायदा नहीं हुआ और साल 1983 से लेकर 1996 तक उन्हें कुछ खास ऑफर भी नहीं मिले। लेकिन इस बीच वो नसीरुद्दीन शाह और अनुपम खेर को लेकर बनी फिल्म पेस्टनजी (1988) में नजर आईं। पारसी कल्चर को दिखाती ये फ़िल्म कमर्शियल फ़िल्म नहीं थी और ऐसे में इस फिल्म से उन्हें कुछ खास फायदा नहीं मिला।

बॉलीवुड से लेकर राजनीति तक किरण का सफर बहुत ही दिलचस्प रहा है। इस वक्त किरण चंडीगढ़ संसदीय क्षेत्र से सांसद है। साल 2014 में लोकसभा चुनाव में हिस्सा लेते हुए किरण खेर ने सक्रिय राजनीति में कदम रखा। बीजेपी के टिकट पर वे चंडीगढ़ से चुनाव लड़ीं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार पवन बंसल और आम आदमी पार्टी (AAP) की उम्मीदवार और बॉलीवुड एक्ट्रेस गुल पनाग को हराकर जीत हासिल की।

इसके साथ- साथ किरण खेर कई सालों से सामाजिक कार्यों से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने भ्रूण हत्या के खिलाफ चलाए गए अभियान ‘लाडली’ में अहम भूमिका निभाई थी। इसके साथ वे कैंसर के खिलाफ चलाए गए अभियान ‘रोको कैंसर’ से भी जुड़ी रहीं। साल 2009 में वे भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गईं। उन्होंने देश भर में पार्टी के लिए प्रचार भी किया। 2011 में चंडीगढ़ में हुए नगर निगम चुनाव में उन्होंने पार्टी के लिए अहम रोल निभाया। इसी साल उन्होंने अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन में भी हिस्सा लिया। किरण ने चंडीगढ़ में इस आंदोलन का समर्थन किया। जब अन्ना के आंदोलन के बाद टीम के कुछ सदस्यों ने आम आदमी पार्टी (AAP) बनाने का फैसला किया, तो उन्होंने इस बात का विरोध किया था।

 किरण खेर बॉलीवुड में अपनी बेहतरीन अदाकारी के लिए जानी जाती हैं। ओम शांति ओम, जस्ट मैरिड, कभी अलविदा ना कहना, रंग दे बसंती, हम तुम, वीर-ज़ारा, मैं हूँ ना, कर्ज़, देवदास, सरदारी बेगम जैसी सुपर-हिट फिल्मों में काम कर किरदार ने बॉलीवुड में अपनी एक अलग पहचान बनाई। साथ ही हम आपको यह भी जानकारी दे-दे कि किरण खेर ने 1996 में अमरीश पुरी के साथ श्याम बेनेगल की ‘सरदारी बेगम’ में काम किया, जो काफी चर्चित भी रही। इस फिल्म के लिए उन्हें स्पेशल जूरी अवार्ड से सम्मनित किया गया। उसके बाद उन्होंने ऋतुपर्णा घोष की बंगाली फिल्म बैरीवाली की, जिसके लिए उन्हें नेशनल अवार्ड से सम्मानित किया गया। किरण ने अपनी एक्टिंग की असली छाप 2002 में संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘देवदास’ से छोड़ी।

 14 जून 1955 में पंजाब में जन्मी किरण खेर का पालन पोषण चंडीगढ़ में हुआ। किरण ने अपनी पढ़ाई चंडीगढ़ से पूरी की। उन्होंने चंडीगढ़ के ही इंडियन थिएटर ऑफ पंजाब यूनिवर्सिटी से ग्रैजुएशन किया। इसके बाद किरण की शादी एक उद्योगपति से हुई। मुंबई के उद्योगपति गौतम बेरी और किरण दोनों का रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल पाया। जिस साल किरण का गौतम से तलाक हुआ, उसी साल यानी 1985 में उनकी शादी फिल्म अभिनेता अनुपम खेर से हुई।

किरण और अनुपम खेर की शादी का किस्सा भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। किरण और अनुपम की मुलाकात 1980 के दौरान हुई थी और उस वक्त दोनों अपना एक्टिंग करियर बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे।

प्रोड्यूसर्स के चक्कर काटते-काटते अनुपम खेर से उनकी मुलाकात हुई और दोस्ती बढ़ने लगी. वैसे वह अनुपम खेर को अपने यूनिवर्सिटी के दिनों से जानती थीं लेकिन उस समय प्यार जैसी कोई बात उनके बीच नहीं थी इसके बाद मुंबई में जब दोनों की मुलाकात हुई उस वक्त तक अनुपम और किरण दोनों ही पहले से शादीशुदा थे. साल 1985 में फिल्म सारांश के जरिए पहला ब्रेक मिलते ही उन्होंने अपनी पत्नी से तलाक ले लिया। किरण खेर भी अपने पति से अलग हुईं और दोनों ने शादी कर ली।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like

Leave a Reply