गोवा: कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए तीन विधायक बने मंत्री

Please Share

पणजी: गोवा सरकार में शनिवार को चार नए मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। सियासी घटनाक्रम के बीच विपक्ष के नेता चंद्रकांत कावलेकर, फिलिप नेरी रोड्रिग्स और जेनिफर मोनसेराट को मंत्री बनाया गया है। ये तीनों हाल ही में कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए 10 विधायकों में शुमार हैं। इसके अलावा विधानसभा उपाध्यक्ष माइकल लोबो को भी मंत्रिपद मिला है।

राज्य के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) के तीन विधायकों और निर्दलीय विधायक रोहन खुंटे से कैबिनेट से इस्तीफा देने को कहा था। सावंत ने तीन महीने पहले मुख्यमंत्री पद संभाला था, तबसे उन्होंने यह दूसरी बार मंत्रिमंडल में फेरबदल किया है। अधिसूचना के अनुसार चार मंत्रियों- उप मुख्यमंत्री विजय सरदेसाई, जल संसाधन मंत्री विनोद पालेकर, ग्रामीण विकास मंत्री जयेश सालगांवकर (सभी जीएफपी विधायक) और राजस्व मंत्री रोहन खुंटे (निर्दलीय) को मंत्रिमंडल से हटा दिया गया।
लोबो ने मंत्रिपद संभालने से पहले कुछ ही देर पहले विधानसभा उपाध्यक्ष के तौर पर इस्तीफा दे दिया था। लोबो ने बताया कि उनके अलावा चंद्रकांत कावलेकर, फिलिप नेरी रॉड्रिग्ज और जेनिफर मोनसेरात को नए मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। जेनिफर मोनसेरात पणजी से विधायक अतानासियो मोनसेरात की पत्नी हैं। इससे पहले इस प्रकार की अटकलें लगाई जा रही थीं कि अतानासियो को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा।
गौरतलब है कि गोवा विधानसभा में चंद्रकांत कावलेकर समेत पार्टी के 10 विधायकों ने बुधवार की रात पाला बदलते हुए भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद गोवा के 40 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस की संख्या केवल पांच रह गई है।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like