हिमाचल में लापता पांच सैनिकों का नहीं मिला सुराग, तलाशी अभियान जारी

Please Share

शिमला: किन्नौर जिले में भारत-चीन सीमा से सटे शिपकिला स्थित गांव नमज्ञा डोगरी नाले में हिमखंड के नीचे दबे सेना के पांच जवानों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। इनमें हिमाचल के तीन जवान शामिल हैं। पिछले तीन दिन से भारतीय सेना, आईटीबीपी, पुलिस और स्पेशल क्यूआरटी की टीम का लापता जवानों की तलाश में जुटी हुई है।

जिला उपायुक्त गोपाल चन्द ने शनिवार को बताया कि मौसम साफ होने के बाद शनिवार सुबह फिर से संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। इस टीम में 250 जवान शामिल हैं| अब तक किसी भी जवान का सुराग नहीं मिला है। उल्लेखनीय है कि बीते 20 फरवरी को नमज्ञा डोगरी नाला में हिमखंड गिरने से भारतीय सेना के छह जवान इसकी चपेट में आ गए थे।ये सभी जवान जैक राइफल्स के हैं, जो अपनी पोस्ट के नजदीक ही गश्त पर थे।

इनमें हिमाचल के कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर निवासी नितिन राणा, सोलन जिले के नालागढ़ स्थित जोंघों जगतपुर निवासी राजेश ऋषि और कुल्लू जिला निवासी निरमंड खंड के विदेश चंद शामिल हैं, जबकि बिलासपुर जिला निवासी राकेश कुमार को हादसे वाले दिन ही निकाल लिया गया था, लेकिन अस्पताल ले जाते समय उसकी मृत्यु हो गई थी। शुक्रवार को उसके पार्थिव शरीर को बिलासपुर जिले के शाहतलाई में अंतिम विदाई दी गई।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like