Karanprayag Clash: कर्णप्रयाग में तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच हिंसक झड़प, कई घायल, बदरीनाथ हाईवे जाम

Please Share
Chamoli, (Karanprayag Clash): चमोली जिले के कर्णप्रयाग में मंगलवार सुबह हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे सिख समुदाय के कुछ लोगों और स्थानीय लोगों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और विरोध प्रदर्शन के चलते बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लग गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि झड़प के दौरान कुछ लोगों ने धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया, जिससे कई लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना में एक होटल संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। उसे बेहतर उपचार के लिए एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।

Watch: Medical Store Firing; चंडीगढ़ में मेडिकल स्टोर के कैशियर की गोली मारकर हत्या, 13 राउंड फायरिंग से दहशत

आक्रोशित लोगों ने पुलिस चौकी परिसर के बाहर प्रदर्शन किया और बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने पंचपुलिया क्षेत्र में भी यातायात रोक दिया, जिससे बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच गौचर में यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था कायम रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
करीब एक घंटे तक बदरीनाथ हाईवे जाम रहने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच थाने में वार्ता हुई। वार्ता के बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया, जिससे मार्ग पर यातायात दोबारा सुचारु हो सका और यात्रियों ने राहत की सांस ली।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

Watch Rajasthan Dust storm: राजस्थान के चूरू में भीषण धूल भरी आंधी, दिन में छाया अंधेरा

Hello Uttarakhand News

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like