Karanprayag Clash: कर्णप्रयाग में निहंग यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद, 4 आरोपी हिरासत में; स्थिति पूरी तरह सामान्य : चमोली पुलिस

Please Share
कर्णप्रयाग/चमोली (Karanprayag Clash): चमोली पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार कर्णप्रयाग बाजार स्थित कृष्णा पैलेस होटल के समीप सोमवार को हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद के बाद चार लोगों के घायल होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना में शामिल चार आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार स्थानीय निवासी प्रकाश रावत और कुछ निहंग यात्रियों के बीच मामूली कहासुनी हुई थी, जो बाद में हिंसक विवाद में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसमें चार स्थानीय लोग घायल हुए। घायलों में एक व्यक्ति को गंभीर स्थिति में एयर एम्बुलेंस के माध्यम से देहरादून भेजा गया, जबकि अन्य तीन की हालत स्थिर बताई जा रही है।

Hemkund Sahib Trust Appeal: हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट की श्रद्धालुओं से अपील, यात्रा के दौरान बनाए रखें शांति और अनुशासन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चारों आरोपियों को तत्काल हिरासत में ले लिया। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर कोतवाली कर्णप्रयाग में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन प्रशासन और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से मार्ग को शीघ्र ही सुचारू कर दिया गया। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए चारधाम यात्रा मार्ग से जुड़े अन्य जनपदों के साथ समन्वय स्थापित कर यातायात को नियंत्रित किया गया तथा फंसे यात्रियों के लिए पेयजल और खाद्य सामग्री की व्यवस्था भी की गई।
चमोली प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में चारधाम यात्रा शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संचालित हो रही है तथा वर्तमान में कानून एवं यातायात व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

Watch Rajasthan Dust storm: राजस्थान के चूरू में भीषण धूल भरी आंधी, दिन में छाया अंधेरा

Hello Uttarakhand News

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like