कर्मचारियों की मांग- फाउंडर नरेश गोयल और सीईओ के खिलाफ दर्ज हो एफआईआर

Please Share

मुंबई: जेट एयरवेज के कर्मचारी संगठन ने शुक्रवार को पुलिस के सामने मांग रखी कि एयरलाइन के फाउंडर नरेश गोयल, सीईओ विनय दुबे और एसबीआई के चेयरमैन रजनीश कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। एसबीआई जेट के कर्जदाता बैंकों का नेतृत्व कर रहा है और एयरलाइन के रेजोल्यूशन प्लान पर काम कर रहा है। जेट एयरवेज के कर्मचारी सैलरी नहीं मिलने से नाराज हैं।  कंपनी से सेलरी नहीं मिलने और कंपनी के बंद होने की स्थिति में भविष्य की चिंता को लेकर कंपनी कर्मचारियों ने मुंबई में रैली निकाली। उनकी मांग है कि पहले कर्मचारियों के भविष्य को लेकर फैसला लिया जाना चाहिए। उनको वेतन नहीं मिल रहा है। उनके साथ आगे क्या होगा, उनको यह भी पता नहीं है।

जेट के ऑल इंडिया ऑफिसर्स एंड स्टाफ एसोसिएशन के प्रमुख किरण पावसकर ने सहार पुलिस स्टेशन में शिकायत दी। उन्होंने कहा कि एयरलाइन ने कर्मचारियों का मार्च का वेतन नहीं दिया है। इसलिए धोखाधड़ी, भरोसा तोड़ने, फंड के दुरुपयोग और दूसरे अपराधों के तहत मामला दर्ज किया जाए। इससे पहले पावसकर के नेतृत्व में 200 कर्मचारियों ने एयरपोर्ट से जेट एयरवेज के मुख्यालय सिरोया सेंटर तक मार्च निकाला। कर्मचारियों की सीनियर मैनेजमेंट से मुलाकात भी हुई। हाालांकि, वो सीईओ विनय दुबे से मिलना चाहते थे।

कर्मचारियों को कंपनी की माली हालत को देखकर अपने भविष्य की चिंता भी सता रही है। कर्मियों को कहना है कि कंपनी चलेगी या नहीं। इस बात की कोई गारंटी नहीं है। हालांकि सरकार प्रयास कर रही है, लेकिन कर्मचारियों को लेकर किसीने अब तक कुछ नहीं कहा है। अपने वेतन और बेहतर भविष्य की मांग को लेकर जेट एयरवेज कर्मचारी लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। आर्थिक संकट से जूझ रही जेट एयरवेज की उड़ानें रद्द होने से यात्री भी परेशान हैं। एयरलाइन ने शुक्रवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानें सोमवार तक रद्द रहेंगी। इससे पहले गुरुवार को एक दिन के लिए बंद करने की बात कही गई थी। जेट के हालात पर चर्चा करने के लिए पीएमओ ने शुक्रवार को बैठक बुलाई। इससे पहले उड्डयन मंत्री सुरेश प्रभु ने उड्डयन सचिव प्रदीप सिंह खरोला को जेट के हालातों की समीक्षा करने के निर्देश दिए थे। पीएमओ की बैठक के बाद खरोला ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जेट एयरवेज के प्रबंधन से बात की।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like