लालू के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव का ‘कृष्ण’ अवतार, छेड़ी बांसुरी की तान

Please Share

बिहार: कभी हीरो, कभी शिवभक्त तो कभी रॉकस्टार रूप में नज़र आने वाले लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव अलग-अलग लुक में आने के लिए मशहूर हैं। राजनीति से ज्यादा उनके इस अंदाज की चर्चा होती रहती है। महाशिवरात्रि के मौके पर भी तेज प्रताप का जुदा अंदाज नजर आया। एक कार्यक्रम में पहुंचे शिवभक्त तेज प्रताप ने कृष्ण जैसी भाव-भंगिमा दिखाकर लोगों का ध्यान खींचा।
तेज प्रताप यादव महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर वैशाली जिले के गंगाजल गांव पहुंचे। यहां धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए तेज प्रताप ने मंच से बांसुरी की तान छेड़कर लोगों के बीच अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। माथे पर त्रिपुंड और लंबे-लंबे बाल रखे तेज प्रताप ने पहले तो लोगों को संबोधित किया। इसके बाद उन्होंने मोहक मुद्रा में बांसुरी बजाते हुए एकबारगी सभी को हैरान कर दिया। उनके बांसुरी वादन का एक विडियो भी सामने आया है।