नैनीताल: रोजगारपरक योजनाओं पर अधिकारी विशेष ध्यान रखें – जिलाधिकारी गर्ब्याल

Please Share
ललित जोशी की रिपोर्ट;
नैनीतल: जनपद के नवनियुक्त जिला अधिकारी धीराज गर्ब्याल ने आज विकास भवन सभागार में जिला योजना की पहली समीक्षा बैठक लेते हुऐ योजना में अवमुक्त धनराशि को कार्याें में गति लाकर शीघ्र व्यय करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये। उन्होंने कहा कि योजना कार्याें का वित्तीय समीक्षा के साथ ही भौतिक सत्यापन भी किया जायेगा। गर्व्याल ने रोजगारपरक योजनाओं पर अधिकारी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जो विभाग अवमुक्त धनराशि व्यय नहीं कर पा रहे हैं उस धनराशि को दूसरे विभागों को हस्तान्तरित करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी गर्ब्याल ने कहा कि जनपद में सेब उद्यान विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। इस हेतु उन्होंने मुख्य उद्यान अधिकारी को सेब की नर्सरी तैयार करने के साथ ही सेब उत्पादन करने वालें कृषकों को चिन्हित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सेब उत्पादन में रूचि रखने वाले किसान बन्धुओं को प्रशिक्षण दिया जायेगा, इस हेतु उन्होंने उद्यान विभाग को धनराशि भी आवंटित की। जिला पर्यटन विकास अधिकारी को एस्ट्रो टूरिज्म हेतु ग्राम ताकुला व देवस्थल को माॅडल ग्राम बनाने के निर्देश दिये, साथ ही उन्होंने दूरबीन (टैलीस्कोप) क्रय करने व दोनों गाॅवों में भवन बनाने हेतु धनराशि भी स्वीकृत की। उन्होंने कहा कि इन ग्रामों में पर्वतीय शैली के भवन का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के साथ ही ग्राम के युवाओं से वार्ता कर उन्हें एस्ट्रो टूरिज्म हेतु तैयार करें ताकि उन्हें प्रशिक्षण देकर दक्ष किया जा सके।
उन्होंने कहा कि जनपद में युवाओं को वुडस्टाॅक संस्थान से पैराग्लाइडिंग ट्रेनिंग दिलाई जायेगी ताकि युवा स्वरोजगार अपना सके। गर्ब्याल ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिये कि वे विकासखण्ड धारी, ओखलकाण्डा क्षेत्र में पशु कृतिम गर्भाधान चलाये ताकि क्षेत्रवासियों की आय में वृद्वि हो सके। उन्होंने मुख्य शिक्षाधिकारी को प्राथमिक विद्यालयों का रूपान्तरण करने हेतु प्रत्येक विकासखण्ड से दस-दस विद्यालयों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों व आंगनवाड़ी केन्द्रों न्यूट्री गार्डन बनाये जायेंगे। इस हेतु उन्होंने शिक्षाधिकारी व जिला विकास अधिकारी को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिये कहा कि इस योजना में स्वंयसहायता समूहों को भी शमिल किया जाये। उन्होंने बेतालघाट क्षेत्र में मसाले प्रोसेसिंग यूनिट का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। उन्होंने मत्स्य अधिकारी को मैदानी क्षेत्रों में मछली उत्पादन हेतु तालाब बनाने हेतु काश्तकारों को प्रेरित एवं प्रोत्साहित करने के निर्देश दिये।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like