पहली बार अंडमान-निकोबार पहुंचे मोदी, सुनामी में मारे गए लोगों को दी श्रद्धां‍जलि

Please Share

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पहली बार अंडमान-निकोबार पहुंचे। यहां कार निकोबार में उन्होंने 2004 की सुनामी में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी। मोदी इस केंद्र शासित प्रदेश में आज ही तीन द्वीपों के नाम बदलने का ऐलान कर सकते हैं। वे यहां सात मेगावॉट के सौर विद्युत संयंत्र और सौर गांव का भी लोकार्पण करेंगे। नेताजी सुभाष चंद्र बोस के आजाद हिंद सरकार के गठन की घोषणा के 75वें साल पर मोदी पोर्ट ब्लेयर के साउथ पॉइंट पर तिरंगा फहराएंगे। साथ ही मरीना पार्क में नेताजी की मूर्ति पर फूल चढ़ाएंगे।

इसके अलावा पीएम मोदी रॉस आइलैंड, नील आइलैंड और हैवलॉक आइलैंड द्वीपों के नाम बदलने का ऐलान भी कर सकते हैं। इन्हें क्रमश: नेताजी सुभाष चंद्र बोस आइलैंड, शहीद द्वीप और स्वराज द्वीप नाम दिया जा सकता है। प्रधानमंत्री अरोंग में एक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे और बुनियादी ढांचों से जुड़ी कुछ परियोजनाओं की नींव रखेंगे। साथ ही वे अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के लिए इनोवेशन और स्टार्टअप नीति जारी करेंगे। इसके अलावा वे जनजातीय प्रमुखों और स्थानीय प्रशासन के साथ चर्चा में भी शामिल रहेंगे।

दरअसल, 30 दिसंबर 1943 को नेताजी ने दूसरे विश्व युद्ध में जापानियों द्वारा इन द्वीपों पर कब्जा किए जाने के बाद यहां पहली बार तिरंगा फहराया था। तब उन्होंने अंडमान-निकोबार द्वीप समूह का नाम बदलकर शहीद और स्वराज द्वीप करने का सुझाव दिया था। इस दिन की याद में मोदी डाक टिकट और सिक्का जारी करेंगे।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like