रोहित तिवारी हत्या: शक के घेरे में पत्नी, रिश्तेदार की बीवी से थीं रोहित की नजदीकियां

Please Share

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के बेटे रोहित शेखर तिवारी की हत्या की सुई अब उनकी पत्नी अपूर्वा पर टिक गई है। क्राइम ब्रांच की टीम ने जांच में पाया है कि रोहित और उनकी पत्नी के बीच रिश्ते काफी समय से ठीक नहीं चल रहे थे। इसके साथ ही जांच में यह भी सामने आया है कि रोहित की अपने रिश्तेदार की पत्नी से नजदीकियां थीं। इस पर दोनों के बीच अक्सर मन-मुटाव रहता था। पुलिस को शक है कि हत्या वाले दिन भी इस पर जमकर बहस हुई होगी।

क्राइम ब्रांच की टीम शनिवार को डिफेंस कॉलोनी स्थित रोहित के घर पहुंची तो कई अहम जानकारियां हाथ लगी। उन्होंने परिवार के सदस्यों, नौकरों और ड्राइवर से पूछताछ की। सभी के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। अब इन बयानों को फोन कॉल और मोबाइल इंटरनेट डिटेल्स से मिलाया जाएगा।

बता दें कि पोस्टामर्टम रिपोर्ट में रोहित की मौत को अस्वाभाविक करार दिया गया है। जिसके बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज जांच शुरू की है। वहीं रोहित की मां उज्जवला ने शनिवार को कहा था कि उनके बेटे और पत्नी के बीच रिश्ते ठीक नहीं थे दोनों की लव मैरिज थी। वह तनाव में रहता था। पुलिस ने जांच में पाया कि रोहित और अपूर्वा सुप्रीम कोर्ट में वकील थे। वहां पर ही दोनों की पहली बार मुलाकात हुई थी जिसके बाद दोनों ने परिवारों की सहमति पर पिछले साल शादी कर ली थी।

बेटी पर शक की सुई होने पर पिता पद्माकर शुक्ला ने कहा है कि उनकी बेटी निर्दोष है और उन्होंने कुछ नहीं किया है। वह किसी की हत्या नहीं कर सकती। वह रोहित से प्यार करती है। क्राइम ब्रांच इसका भी पता लगा रही है कि रोहित दिल के मरीज थे तो फिर 16 घंटे तक किसी ने उनकी सुध क्यों नहीं ली।

नौकर गोलू ने बताया कि अपूर्वा के कहने पर वह शाम करीब चार बजे रोहित के कमरे में गया था तो उनकी नाक से खून बह रहा था। खून के धब्बे चादर पर भी थे लेकिन तकिए पर खून नहीं लगा हुआ था। वहीं अपूर्वा ने पुलिस को बताया है कि ‘रोहित की तबीयत ठीक नहीं रहती थी इसलिए वह ज्यादा सोते थे। उस दिन जब वह देर तक नहीं उठे तो गोलू को भेजा और उन्होंने चिल्लाकर जानकारी दी।

इसके साथ ही जांच में यह भी पता चला है कि रोहित और पत्नी अपूर्वा अलग-अलग कमरे में सोते थे। नौकर गोलू ने बताया है कि वह और रोहित 15 अप्रैल को उत्तराखंड से दिल्ली वापस लौट आए थे। जिसके बाद रात करीब 11 बजे रोहित ने खाना खाया और फिर अपने कमरे में सोने चले गए। वहीं पत्नी अपूर्वा भी दूसरे कमरे में सोने चली गई। गोलू का परिवार भी घर पर मौजूद था तो वह अपने परिवार के साथ दूसरी मंजिल पर सोने चला गया। वहीं रोहित का ड्राइवर पहली मंजिल पर ही सो रहा था। हालांकि उसने किसी भी तरह की आवाज सुनने की बात से इनकार किया है। क्राइम ब्रांच को उम्मीद है कि जल्द ही इस मामले को सुलझा लिया जाएगा।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like