यमुना घाटी में टैक्सी यूनियनों की हड़ताल, जनता परेशान

Please Share

बड़कोट: नई टैक्सी यूनियन के गठन से आक्रोशित यमुना वैली टैक्सी यूनियन नौगांव एवं बड़कोट ने शनिवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। जिससे यहां आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां लोगों को आवाजाही के लिए गाड़ियों की सुविधा नहीं मिल पा रही है। बता दें कि आक्रोशित टैक्सी चालकों ने प्रशासन पर यूनियनों के खिलाफ साजिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए नवगठित यूनियन का परमिट निरस्त करने की मांग की है। वहीं टैक्सी यूनियनों की आपसी लड़ाई से परेशान जनता ने भी रोष जताते हुए प्रशासन से सभी यूनियनों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

बता दें कि यमुनोत्री क्षेत्र में टैक्सियों के संचालन को लेकर तीन यूनियनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। डग्गामार वाहनों के खिलाफ और नई बनाई गई मैक्सी कैब यूनियन को बंद करने को लेकर बड़कोट तथा नौगांव यमुना वैली टैक्सी मालिक वेलफेयर एसोसिएशन ने पहले भी हड़ताल की थी। प्रशासन के आश्वासन पर हड़ताल खत्म की गई थी। लेकिन, नई यूनियन के बंद न होने तथा बाजार से सवारियां भरने पर टैक्सी यूनियन के मालिक व चालक एक बार फिर मुखर हो गए हैं।शनिवार को करीब तीन सौ टैक्सी मालिक व चालक अपने वाहनों को लेकर बड़कोट पहुंचे और सभी वाहन बस पार्किंग में खड़े कर दिये गए हैं। इस दौरान टैक्सी चालकों ने नगर में जुलूस निकालकर तहसील मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन किया।

टैक्सी चालकों का कहना है कि नवगठित यूनियन का परमिट निरस्त होने तक उनकी ये हड़ताल यूं ही जारी रहेगी, जिससे जनता को होने वाली परेशानी की जिम्मेदारी सिर्फ प्रशासन की ही होगी। इस दौरान परेशान हो रही जनता ने भी टैक्सी यूनियनों की तानाशाही के खिलाफ नाराजगी जताते हुए प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। लोगों ने कहा कि टैक्सी चालक अपने फायदे के लिए जनता को प्रताड़ित कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन ठोस कार्रवाई करने के बदले मूक दर्शक बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से ठोस कार्रवाई कर जल्द विवाद सुलझाने की अपील की है।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like