Alert; Uttarakhand Weather Update: 28-29 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट, कई जिलों में भारी बारिश और फ्लैश फ्लड का खतरा

Please Share
देहरादून। (Uttarakhand Weather Update) उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के कई जिलों के लिए 28 और 29 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार इन दो दिनों के दौरान कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा, तेज गर्जना, आकाशीय बिजली और अत्यंत तीव्र बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। मौसम को देखते हुए उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) ने सभी जिला प्रशासनों को सतर्क रहने, संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और राहत-बचाव की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 28 जुलाई को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने और अत्यधिक तीव्र वर्षा के दौर भी पड़ सकते हैं। वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश और तेज बौछारें पड़ने का अनुमान है। (Uttarakhand Weather Update)
29 जुलाई को भी मौसम का मिजाज गंभीर बना रहने की संभावना है। इस दिन उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और नैनीताल जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पिथौरागढ़ सहित कई पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने और अत्यधिक तीव्र वर्षा की चेतावनी दी गई है। शेष जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश जारी रह सकती है।
फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का बढ़ा खतरा
आईएमडी के राष्ट्रीय फ्लैश फ्लड गाइडेंस बुलेटिन के अनुसार अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के दौरान मध्यम स्तर के फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) का खतरा बना हुआ है।
लगातार बारिश के कारण छोटे नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। निचले इलाकों में जलभराव, पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टानें गिरने और सड़कों के बाधित होने जैसी घटनाएं सामने आ सकती हैं। प्रशासन ने विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है। (Uttarakhand Weather Update)
अगले 15 घंटे रहेंगे सबसे अहम
मौसम विभाग ने 27 जुलाई शाम 7:06 बजे से 28 जुलाई सुबह 10:06 बजे तक विशेष चेतावनी जारी की है। इस अवधि के दौरान चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, ऊधम सिंह नगर और उत्तरकाशी जिलों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश, तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
पुरोला, बड़कोट, गंगोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ, सोनप्रयाग, थराली, मुनस्यारी, बेरीनाग, गंगोलीहाट, डीडीहाट, जसपुर, रुद्रपुर और खटीमा सहित आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक तेज बारिश के दौर पड़ सकते हैं। इन इलाकों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
चारधाम यात्रियों और आम नागरिकों से अपील
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों और चारधाम यात्रियों से मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। यदि यात्रा करना अत्यंत आवश्यक हो, तो पहले मौसम और सड़क की ताज़ा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। (Uttarakhand Weather Update)
उन्होंने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा उफनते जलस्रोतों को पार करने का प्रयास न करने की भी सलाह दी। साथ ही केवल मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की गई है।
राहत एवं बचाव दल अलर्ट मोड पर
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) और सभी जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) 24×7 सक्रिय हैं। सभी संबंधित विभागों को राहत एवं बचाव संसाधन तैयार रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग और राज्य प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अगले दो दिनों तक अतिरिक्त सतर्कता बरतें, अनावश्यक जोखिम लेने से बचें और मौसम से संबंधित हर आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखें। (Uttarakhand Weather Update)