देहरादून: गणतन्त्र दिवस की रूपरेखा को दिया गया अंतिम रूप, जानिए कार्यक्रम

Please Share
देहरादून: मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने बुधवार को सचिवालय सभागार में गणतंत्र दिवस समारोह की रूप रेखा निर्धारण बैठक संपन्न हुई। बैठक में समस्त शासकीय भवनों को 25 एवं 26 जनवरी को सांय 6.00 बजे से रात्रि 11.00 बजे तक प्रकाशमान करने का निर्णय लिया गया। इसमें कम वोल्टेज के बल्बों/एल.ई.डी. का प्रयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये तथा इस कार्य में नगर निगम, मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण, व्यापार संघों तथा स्थानीय गैर-सरकारी संस्थाओं की सहभागिता भी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि सूचना विभाग द्वारा प्रदेश मुख्यालय में प्रमुख चौराहों पर दिनांक 25 जनवरी को सांय 6ः00 बजे से रात्रि 9ः00 बजे तक तथा 26 जनवरी को प्रातः 6ः00 बजे से पूर्वाह्न 11ः00 बजे तक लाउडस्पीकर के माध्यम से देशप्रेम एवं देशभक्ति के गीतों का प्रसारण किया जायेगा। 26 जनवरी को सचिवालय, जनपद मुख्यालयों, विभागाध्यक्ष कार्यालयों एवं शासकीय कार्यालयों में प्रातः 9ः30 बजे ध्वजारोहण किया जायेगा। बैठक में तय किया गया कि गणतन्त्र दिवस की पूर्व संध्या पर देहरादून में संस्कृति विभाग द्वारा टाउन हॉल में कवि सम्मेलन का आयोजन किया जायेगा। सचिव राज्यपाल आर.के.सुधांशु ने बताया कि राजभवन में हर वर्ष की भांति किये जाने वाले आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी शामिल किया गया है।
परेड ग्राउंड देहरादून में आयोजित किये जाने वाला मुख्य समारोह प्रातः 10ः30 बजे प्रारम्भ होगा। समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल महोदया होंगी। आयोजन स्थल की सजावट बैरिकेटिंग एवं अन्य अवस्थापना कार्य का समन्वय जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, मुख्य नगर अधिकारी, लोक निर्माण विभाग देहरादून के मुख्य अभियन्ता करेंगे। परेड़ ग्राउण्ड में आयोजित समारोह को मनोहर बनाने हेतु वायु सेना द्वारा करतब के आयोजन के लिये मुख्य सचिव उच्च स्तर पर वार्ता करेंगे।
परेड़ ग्राउण्ड में आयोजन परेड़ में सेना, आई.टी.बी.पी., सिविल पुलिस, पी.ए.सी., होमगार्ड, पी.आर.डी., एन.सी.सी, एन.एस.एस., भूतपूर्व सैनिकों एवं स्काउट गाईड्स आदि द्वारा भाग लिया जायेगा। परेड का नेतृत्व सेना के अधिकारी द्वारा किया जायेगा। परेड़ में सेना तथा पी.ए.सी. बैण्ड शामिल होंगे। परेड में सीआरपीएफ की सहभागिता के लिये सम्पर्क करने के निर्देश मुख्य सचिव द्वारा दिये गये।
परेड़ प्रदर्शन में उत्कृष्ट परेड़ दल के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय आने वाले टुकडियों को पुरस्कृत किया जायेगा। प्रमुख सचिव गृह की अध्यक्षता में सेना तथा महानिरीक्षक/उपमहानिरीक्षक पुलिस, आई.टी.बी.पी. की समिति का गठन किया जायेगा। उत्कृष्ट झाँकियों के चयन (प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय) के लिये प्रमुख सचिव/सचिव, सूचना की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा किया जायेगा।
परेड़ के तुरन्त बाद राजकीय विद्यालयों के छात्र/छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम किये जायेंगें तथा गत वर्ष की भांति विभिन्न विभागों के द्वारा झांकियों का प्रदर्शन किया जायेगा। झाँकियों के संबंध में निर्देश दिये गये कि जिन विभागों द्वारा झाँकियां प्रस्तुत की जानी है, के विषय वस्तु संबंधी प्रस्ताव के लिये जिलाधिकारी देहरादून को शीघ्र समन्वय बैठक बुलाने के निर्देश दिये।
झांकियों के बाद परेड़ ग्राउण्ड में संक्षिप्त सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। सांस्कृतिक दलों का चयन सचिव, संस्कृति विभाग द्वारा जिलाधिकारी, देहरादून एवं निदेशक, संस्कृति/शिक्षा विभाग से समन्वय करते हुए किया जायेगा।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like