टिहरी के पिपलोगी में युवती से छेड़छाड़, लोगों ने आरोपियों की जमकर की धुनाई

Please Share

टिहरी: पहाड़ को अशांत करने की साजिश चल रही है। इस बात का अंदाजा पिछले कुछ दिनों से हो रही सिलसिलेवार घटनाओं से लगाया जा सकता है। टिहरी जिले के लंबगांव क्षेत्र में ही एक बाद एक तीन घटनाएं हो चुकी हैं। इसके अलावा प्रदेश के दूसरे जिलों में भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी है। गुरुवार को लंबगांव में पिपलोगी पुल के पास ऐसी ही एक और घटना सामने आई है। दो लोगों ने गांव से आ रही एक लड़की के साथ छेड़छाड़ की।

लड़की के शोर मचाने पर आसपास के स्थानीय लोगों ने दोनों आरोपियों की जमकर धुनाई कर दी। बताया जा रहा है कि गांव से आ रही लड़की के साथ पिपिलोगी पुल के पास दो बाहरी लोगों ने छेड़छाड़ कर दी। उसके विरोध करने पर उसे धमकाने लगे। इस पर लड़की ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए। लोगों ने पहले आरोपियों की जमकर धुनाई की। उसके बाद पुलिस को सौंप दिया।

इसके बाद लोगों ने थाने में ही धरना शुरू कर दिया। लोगों का आरोप है कि आए दिन इरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। पुलिस को पहले भी इस तरह की घटनाओं पर रोक लागने के लिए कहा गया था। बावजूद घटनाएं रुकने के बजाय बढ़ती जा रही हैं। इससे गावों में भय का माहौल बना हुआ है। लड़कियां और महिलाएं घरों से अकेले बाहर निकलने में डर रही हैं। टिहरी के लंबगांव के अलावा उत्तरकाशी के नौगांव, पुरोला, मोरी, रुद्रप्रयाग, देहरादून, हरिद्वार समेत कुमाऊं में भी लगातार इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं। पूर्व छात्र नेता चंद्रशेखर पैन्यूली का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को पुलिस गंभीरता से नहीं ले रही है। ये ऐसे गंभीर विषय हैं कि इन पर सीधे सरकार को संज्ञान लेना चाहिए, लेकिन कोई कुछ कर ही नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि ये पहाड़ को अशांत करने की साजिश है और इसका खुलासा करना बेहद जरूरी है।

admin

Passionate about independent journalism and committed to delivering timely, accurate news to our readers. As the driving force behind Hindi News Bharat, I focus on bringing important regional and national stories to light, ensuring that truthful reporting remains at the forefront of digital media.

You May Also Like