हरिद्वार (Haridwar Viral Video): सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के आधार पर हरिद्वार पुलिस ने ज्वालापुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पांच चारपहिया वाहनों को सीज कर दिया। वीडियो में कुछ युवक कारों की खिड़कियों से बाहर निकलकर हूटर बजाते, हुड़दंग मचाते और यातायात नियमों की अनदेखी करते दिखाई दे रहे थे। मामले का संज्ञान लेते हुए हरिद्वार पुलिस की मीडिया सेल ने कोतवाली ज्वालापुर पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह वीडियो 18 जून 2026 का है और सराय रोड, ज्वालापुर क्षेत्र में रिकॉर्ड किया गया था। बताया गया कि युवक एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने वाहनों के साथ सड़क पर खतरनाक अंदाज में स्टंटबाजी की, जिसे किसी स्थानीय व्यक्ति ने अपने कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
Haridwar land scam: हरिद्वार भूमि खरीद घोटाले में धामी सरकार का बड़ा प्रहार, 10 पर अभियोग की मंजूरी; पूर्व नगर आयुक्त की बर्खास्तगी और तत्कालीन DM पर मेजर पनिशमेंट की संस्तुति
वीडियो की पड़ताल के बाद ज्वालापुर पुलिस ने इसमें शामिल युवकों की पहचान की और संबंधित वाहनों सहित उन्हें कोतवाली बुलाया। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पांचों वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया। साथ ही वाहन चालकों और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ भी आवश्यक पुलिस कार्रवाई अमल में लाई गई।
पुलिस ने इस मामले में शामिल युवकों और उनके अभिभावकों को सख्त चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में इस तरह की हरकत दोबारा सामने आती है तो और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हरिद्वार पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि सड़क पर स्टंट, हूटर का दुरुपयोग और जान जोखिम में डालने वाली गतिविधियों से बचें, क्योंकि ऐसी लापरवाही न केवल नियमों का उल्लंघन है बल्कि गंभीर हादसे का कारण भी बन सकती है।
Trump Meloni G7: तस्वीर विवाद पर ट्रंप और मेलोनी आमने-सामने, इटली की प्रधानमंत्री ने दावे को बताया निराधार